Nita Ambani IOC member In Paris : अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी के समापन के बाद अब अंबानी परिवार अपने कार्यों में जुट गया है। इस बीच नीता अंबानी फ्रांस की राजधानी पेरिस पहुंचीं, जहां ओलंपिक गेम्स होने वाले हैं। ओलंपिक गेम्स के उद्घाटन समारोह से पहले नीता अंबानी सर्वसम्मति से फिर आईओसी की मेंबर चुनी गईं। अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) ने इसकी घोषणा की।
रिलायंस फाउंडेशन की अध्यक्षा नीता अंबानी ने अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति की सदस्य चुने जाने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने फिर से विश्वास और भरोसा करने के लिए आईओसी के अध्यक्ष थॉमस बाक और सहयोगियों का धन्यवाद किया। नीता अंबानी ने कहा कि वे भारत और दुनिया भर में ओलंपिक खेलों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं।
पहली बार 2016 में IOC की सदस्य बनी थीं नीता अंबानी
आपको बता दें कि नीता अंबानी पहली बार साल 2016 में आईओसी की सदस्य चुनी गई थीं। वह पहली भारतीय महिला हैं, जो ओलंपिक गेम्स कराने वाली इस संस्था से जुड़ी हैं। तब से वह लगातार आईओसी की मेंबर हैं। पिछले साल अक्टूबर में मुंबई में 40 साल के बाद पहला आईओसी सत्र आयोजित हुआ था।
नीता अंबानी और फ्रांस के राष्ट्रपति की हुई मुलाकात
पेरिस में नीता अंबानी का भव्य वेलकम हुआ। इस दौरान उनकी मुलाकात फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से हुई। इसे लेकर एक तस्वीर भी सामने आई है। ओपनिग सेरेमनी से पहले कई कार्यक्रम में होते हैं, जिनमें हिस्सा लेने के लिए नीता अंबानी पहुंचीं। ऐसे तो पेरिस में ओलंपिक खेलों का औपचारिक उद्घाटन 26 जुलाई को होगा, लेकिन आज ही गेम्स शुरू हो गए हैं।