IND vs NZ Final: कुलदीप के हाथ से निकली 'मैजिकल' बॉल, रचिन रविंद्र के उड़े होश, मुंह ताकता रह गया कीवी बैटर

IND vs NZ Final: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में कुलदीप यादव अपनी फिरकी से जलवा बिखर रहे हैं। कुलदीप ने रचिन रविंद्र को चारों खाने चित करते हुए पवेलियन की राह दिखाई।

IND vs NZ FInal

IND vs NZ FInal

Kuldeep Yadav vs Rachin Ravindra: कुलदीप यादव की फिरकी का जादू चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में सिर चढ़कर बोल रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड के तीन प्रमुख बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। रचिन रविंद्र ने आगाज धमाकेदार अंदाज में किया और 29 गेंदों पर ही 37 रन ठोक डाले। हालांकि, कुलदीप रचिन को अपनी फिरकी के जाल में फंसाने में सफल रहे। कुलदीप के हाथ से निकली मैजिकल बॉल के आगे कीवी सलामी बल्लेबाज चारों खाने चित हो गया। रचिन के हाव-भाव देखकर लगा कि वह कुलदीप की गेंद को समझने में पूरी तरह से नाकाम रहे। वहीं, विल यंग को वरुण चक्रवर्ती ने पवेलियन की राह दिखाई।

कुलदीप की फिरकी में उलझे रचिन

विल यंग और रचिन रविंद्र ने खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड को ताबड़तोड़ शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए मिलकर 7.5 ओवर में 57 रन जोड़े। रचिन भारतीय बॉलर्स के खिलाफ अटैकिंग अप्रोच के साथ खेलते हुए दिखाई दिए और उन्होंने काफी तेजी से टीम के स्कोर को 50 रन के पार पहुंचा दिया। रचिन के बल्ले पर लगाम लगाने के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने गेंद कुलदीप यादव के हाथों में थमाई। कुलदीप ने आते के साथ ही अपना कमाल दिखाया और स्पेल की पहली ही गेंद पर रचिन को पवेलियन की राह दिखाई। कुलदीप की लहराती हुई गेंद के आगे कीवी सलामी बल्लेबाज चारों खाने चित हो गया। रचिन कुलदीप की बॉल को समझने में पूरी तरह से नाकाम रहे और क्लीन बोल्ड होने के बाद बॉलर का मुंह ताकते रह गए।

विलियमसन भी सस्ते में आउट

रचिन रविंद्र को क्लीन बोल्ड करने के बाद कुलदीप यादव ने न्यूजीलैंड के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज केन विलियमसन को भी सस्ते में पवेलियन की राह दिखाई। विलियमसन कुलदीप की गेंद को पढ़ नहीं सके और कुलदीप को वापस कैच देकर चलते बने। विलियमसन को कुलदीप ने सिर्फ 11 रन के स्कोर पर चलता किया।


वहीं, विल यंग भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 23 गेंदों का सामना करने के बाद वरुण चक्रवर्ती का शिकार बने। फाइनल मैच में भारतीय टीम ने अपने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ