न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में केएल राहुल बल्ले से मचाएंगे धमाल, ट्रेंट बोल्ट ने किया बड़ा दावा
India vs New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है. यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल के लिहाज से टीम इंडिया के लिए बेहद अहम है.
ट्रेंट बोल्ट ने केएल राहुल को बताया भारत का मुख्य बल्लेबाज (PIC Credit -ANI)
---विज्ञापन---
India vs New Zealand: टीम इंडिया इस साल अक्टूबर-नवंबर में न्यूजीलैंड का दौरा करेगी, जहां दोनों टीमों के बीच 5 टी20I, 5 वनडे और दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी. यह दौरा भारत के लिए बेहद अहम है, जिसपर पूरी दुनिया की नजर रहने वाली है. आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के फाइनल के लिहाज से यह टेस्ट सीरीज भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.
शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया इस टेस्ट सीरीज को जीतकर WTC फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखना चाहेगी. इसी बीच न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने भारत के दौरे को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने केएल राहुल को भारतीय टीम का मुख्य बल्लेबाज बताया है, जो कीवी टीम को खूब परेशान कर सकते हैं.
---विज्ञापन---
‘मैं केएल राहुल का बहुत बड़ा फैन हूं’ – ट्रेंट बोल्ट
न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट का कहना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 नवंबर से शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज में स्टार सलामी बल्लेबाज केएल राहुल भारत के मुख्य बल्लेबाज साबित होंगे. बोल्ट का मानना है कि राहुल सीरीज के प्रमुख खिलाड़ियों में होंगे. राहुल के अलावा, बोल्ट ने उनके साथी ओपनर यशस्वी जायसवाल को भी भारत का अहम बल्लेबाज बताया है.
37 वर्षीय बोल्ट ने यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग के इंटरव्यू में PTI से बातचीत में कहा, “मैं हमेशा से ही केएल राहुल और उनकी बैटिंग स्टाइल का बहुत बड़ा फैन रहा हूं. वह भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर में बहुत बड़ा खिलाड़ी हैं. यशस्वी भी टीम में हैं. इन दोनों शानदार बल्लेबाजों को खेलते देखना रोचक होगा.” उन्होंने आगे कहा कि, “भारतीय टीम जब भी न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट खेलने आती है तो देखने में मजा आता है.”
---विज्ञापन---
TRENT BOULT ON KL RAHUL:
"I'm always a big fan of KL Rahul and his style of batsmanship so he's a big player at the top of the order for the Indian side". [PTI] pic.twitter.com/HzZ8RXAoic
बोल्ट और टिम साउदी कई सालों तक न्यूजीलैंड के लिए नई गेंद संभालते रहे हैं, लेकिन बोल्ट का मानना है कि मौजूदा गेंदबाजों के पास भी पर्याप्त विविधता और काबिलियत है कि वे अपनी खुद की पहचान बना सकते हैं. उन्होंने कहा, ”मुझे लगता है कि हमारी गेंदबाजी काफी संतुलित है. हमारे पास विल ओ राउरकी के रूप में उम्दा तेज गेंदबाज है, जबकि काइल जैमीसन के पास स्विंग है और मैट हेनरी सटीक गेंदबाजी करते हैं.”
यह दौरा फरवरी-मार्च की बजाय अक्टूबर-नवंबर में हो रहा है, जब मौसम काफी ठंडा होगा और बल्लेबाजों को दिक्कत आ सकती है. टेस्ट क्रिकेट में 317 विकेट ले चुके बोल्ट ने कहा, ”अक्टूबर के अंत में यह दौरा होगा, लिहाजा मौसम काफी ठंडा रहने वाला है. उम्मीद है कि विकेटों पर घास रहेगी जिससे हमारे गेंदबाजों को मदद मिलेगी.”
भारत का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर से शुरू होगा, जो 1 दिसंबर तक चलेगा. इस दौरान दोनों टीमों के बीच 5 टी20I, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी. वनडे सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली भी खेलते नजर आ सकते हैं, जबकि टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी भी धमाल मचाते दिखाई दे सकते हैं. वहीं, टीम इंडिया 2019-20 के बाद पहली बार न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेलेगी, जो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिहाज से भारत के लिए बेहद अहम है.
हिंदी न्यूज़/खेल/न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में केएल राहुल बल्ले से मचाएंगे धमाल, ट्रेंट बोल्ट ने किया बड़ा दावा
End of Article
About the Author
Sanjeet
संजीत कुमार News24 में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से जर्नलिज्म में परास्नातक की पढ़ाई पूरी की. मूलत: ज्ञान और मोक्ष की भूमि, गया (बिहार) के रहने वाले हैं और पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे हैं. क्रिकेट खेलना और देखना काफी पसंद है. क्रिकेट, हाॅकी और फुटबॉल जैसे खेलों में रुचि रखते हैं.