ICC Men’s Player Of The Month 2024: हाल ही में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली गई थी। इस सीरीज में टीम इंडिया को 3-1 से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन पूरी सीरीज के दौरान भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का शानदाप प्रदर्शन देखने को मिला था। इस सीरीज में बुमराह सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज थे। बुमराह ने इस सीरीज में 32 विकेट हासिल किए थे। वहीं अब बुमराह को आईसीसी की तरफ से खास इनाम मिला है।
बुमराह बने ICC मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ
दिसंबर 2024 में भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान जसप्रीत बुमराह के कमाल का प्रदर्शन किया था। जिसके चलते अब बुमराह ने पैट कमिंस और डेन पैटरसन को पछाड़कर आईसीसी पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड हासिल किया है। दिसंबर में तीन टेस्ट मैचों में बुमराह ने 14.22 की औसत से 22 विकेट चटकाए थे। बुमराह ने दूसरी बार आईसीसी मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब जीता है।
ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन
भले ही 10 साल बाद टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के हाथों बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन बुमराह के लिए ये सीरीज काफी कमाल की रही थी। इस सीरीज के दो मैचों में बुमराह को टीम इंडिया की कप्तानी करते हुए देखा गया था, जिसके बाद अब बुमराह को रोहित के बाद टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया के अगले कप्तान के रूप में देखा जाने लगा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की सीरीज में बुमराह ने 13.06 की औसत से 32 विकेट चटकाए थे।
ऑस्ट्रेलिया के साथ खेली गई सीरीज में बुमराह ने अपना 200वां टेस्ट विकेट भी हासिल किया था। इसके अलावा इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने के लिए उनको प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया था। इसके अलावा साल 2024 भी बुमराह के लिए शानदार रहा था। पिछले साल बुमराह सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज भी थे।