Sunil Gavaskar On Krunal Pandya: रजत पाटीदार की अगुवाई में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन कर रही है। टीम प्लेऑफ में जगह बनाने के काफी करीब है और उसे शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से भिड़ना है। इस मैच से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने कहा है कि आरसीबी के ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या कप्तानी के हकदार हैं।
इस स्टार ऑलराउंडर ने इस सीजन गेंद से कमाल का प्रदर्शन करते हुए 13 विकेट झटके हैं, जबकि बल्ले से कमाल दिखाते हुए भी 97 रन बनाए हैं। आरसीबी ने आईपीएल 2025 से पहले रजत पाटीदार को कप्तान बनाने का फैसला किया।
फिर भी उन्हें कप्तानी के लिए नहीं चुना गया- गावस्कर
स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए गावस्कर ने कहा कि लीडरशिप की भूमिका क्रुणाल के लिए अच्छी रहेगी, खासकर जिस तरह की सोच उनके पास है। उन्होंने बताया कि पांड्या ने तीनों डिपार्टमेंट बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में सफलता हासिल की है, लेकिन इसके बाद भी उन्हें कप्तानी के लिए नहीं चुना गया।
गावस्कर ने कहा, ‘क्रुणाल पांड्या एक बेहतरीन क्रिकेटर हैं। बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग… वह हमेशा गेम में बने रहते हैं, लेकिन फिर भी उन्हें कोई कप्तानी के लिए नहीं चुनता। लेकिन जिस तरह की सोच उनके पास है, उसे देखते हुए अकसर लीडरशिप की भूमिका के लिए उपयुक्त होती है।’
इसी साल RCB में शामिल हुए हैं क्रुणाल
बता दें कि लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ तीन सीजन बिताने के बाद क्रुणाल को आईपीएल 2025 की मेगा ऑक्शन से पहले टीम ने रिलीज कर दिया था, जहां उन्हें आरसीबी ने 5.75 करोड़ रुपये में खरीदा। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में नाबाद 73 रनों की पारी के अलावा क्रुणाल इस सीजन में गेंद से काफी प्रभावशाली रहे हैं। उन्होंने 10 मैचों में 13 विकेट अपने नाम किए हैं।