Threat Virat Kohli security RCB vs RR: आईपीएल 2024 का एलिमिनेटर मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। इस मैच को लेकर एक ओर जहां करोड़ों क्रिकेट फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, दूसरी ओर आरसीबी को विराट कोहली की सुरक्षा को लेकर चिंता सता रही है। एलिमिनेटर मैच से पहले आरसीबी ने विराट कोहली की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रैक्टिस सेशन रद्द कर दिया है और प्रेस कॉन्फ्रेंस भी नहीं की है। इसको लेकर आरसीबी फैंस के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। चलिए आपको बताते हैं क्या है पूरा मामला।
दोनों टीमों ने रद्द की प्रेस कॉन्फ्रेंस
आरसीबी और आरआर के बीच मैच के लिए दोनों टीमें सोमवार को ही अहमदाबाद पहुंच चुकी थी। आरसीबी ने बीती शनिवार को अपना आखिरी लीग मैच चेन्नई के खिलाफ खेला था, इसके बाद आरसीबी के खिलाड़ियों को रविवार और सोमवार का दिन रेस्ट करने के लिए मिल गया। बावजूद इसके आरसीबी ने अहमदाबाद पहुंचने के बाद एलिमिनेटर मैच से पहले प्रैक्टिस सेशन रद्द कर दिया। इसका कारण बंगाली दैनिक आनंदबाजार पत्रिका ने गुजरात पुलिस के अधिकारियों के हवाले से बताया है। इस अखबार में बताया गया है कि आरसीबी ने प्रैक्टिस सेशन रद्द किया और दोनों टीमों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की, इसका कारण विराट कोहली की सुरक्षा है। इसको लेकर आरसीबी के करोड़ों फैंस टेंशन में आ गए हैं।
4 बदमाश एयरपोर्ट से गिरफ्तार
गुजरात पुलिस ने एलिमिनेटर मैच से पहले एयरपोर्ट से आतंकवादी गतिविधियों के संदेह में सोमवार रात 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। चारों को अहमदाबाद हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को लेकर बताया कि उनके पास से हथियार, संदिग्ध वीडियो और टेक्स्ट संदेश बरामद किए गए हैं। एलिमिनेटर मैच से पहले इस तरह 4 संदिग्धों के गिरफ्तार होने से आरसीबी टेंशन में आ गई। जब बेंगलुरु के टीम अहमदाबाद पहुंची, तो उन्हें इसके बारे में पता चला। इस कारण से आरसीबी ने विराट कोहली की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रैक्टिस सेशन रद्द कर दिया। हालांकि राजस्थान की टीम ने इस घटना के बाद भी मैदान पर प्रैक्टिस की है। दूसरी ओर दोनों टीमों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कैंसिल कर दी है। हालांकि बेंगलुरु ने किसी आधिकारिक बयान में ऐसा नहीं बताया है कि उन्होंने प्रैक्टिस सेशन रद्द क्यों किया है, लेकिन रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि विराट की सुरक्षा के मद्देनजर ही प्रैक्टिस सेशन रद्द किया गया है।