Vinesh Phogat करोड़पति होने के बाद भी एक कार की कर्जदार, 13 लाख लोन, जानें रेसलर की नेटवर्थ

Vinesh Phogat Net Worth: भारत की दिग्गज महिला पहलवान विनेश फोगाट ने कुश्ती से संन्यास लेने के बाद अपनी नई राजनीतिक पारी का आगाज कर दिया है। वह हरियाणा के चुनाव में दस्तक दे चुकी हैं और कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार भी बन गई हैं। इस बीच उन्होंने चुनाव आयोग को अपनी कुल संपत्ति का ब्योरा भी दिया है।

विनेश फोगाट के प्रचार में प्रियंका गांधी ने जुलाना में रैली को संबोधित किया। फाइल फोटो

Vinesh Phogat Net Worth: पेरिस ओलंपिक में फाइनल मैच से ठीक पहले बढ़े हुए वजन के चलते अयोग्य घोषित हुईं भारत की दिग्गज महिला पहलवान विनेश फोगाट काफी समय से चर्चा में बनी हुई हैं।

ओलंपिक में हुई इस घटना के बाद विनेश फोगाट ने कुश्ती के खेल से संन्यास का ऐलान कर दिया था। हालांकि तब से ही उनके राजनीति में आने की चर्चाएं शुरू हो गईं थीं। हाल ही में यह बात सच साबित हुई और उन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ले ली।

अब वह कांग्रेस पार्टी की ओर से हरियाणा विधानसभा का चुनाव लड़ रही हैं। पार्टी ने उन्हें जुलाना विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। विनेश फोगाट ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया है, जिसमें उन्होंने अपनी कुल संपत्ति का विवरण दिया है। आइए आपको बताते हैं कि विनेश फोगाट के पास कितनी चल और कितनी अचल संपत्ति है?

पति से ज्यादा कमाती हैं विनेश फोगाट

विनेश फोगाट ने चुनावी हलफनामे में अपनी संपत्ति और आमदनी का ब्योरा देते हुए बताया कि उनके पास ज्वेलरी, निवेश, कैश और बैंक जमा को मिलाकर कुल एक करोड़ 10 लाख रुपये हैं। करीब 2 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उन्होंने पिछले साल कुल 13 लाख 85 हजार रुपये कमाए हैं, जबकि उनके पति ने 3 लाख 44 हजार रुपये की कमाई की है।

नहीं है आभूषण का शौक

चुनावी हलफनामे के अनुसार, विनेश फोगाट को गहनों का शौक नहीं है। उनके पास कुल 35 ग्राम सोना है, जिसका बाजार में मूल्य करीब 2.24 लाख रुपये है, जबकि चांदी 50 ग्राम है, जिसकी कीमत 4.40 हजार रुपये के करीब है।

विनेश फोगाट के नाम पर है गाड़ी-जमीन

विनेश फोगाट की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, उनके पास 3 चार पहिया गाड़ी हैं। इसमें 35 लाख की वॉल्वो, 12 लाख की हुंडई क्रेटा और 17 लाख की इनोवा गाड़ी है। इसके अलावा उनके नाम पर एक स्कूटी भी है। उनके पति के पास 19 लाख रुपये की महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी है। विनेश फोगाट के नाम पर गाड़ी के अलावा जमीन भी है। उनके नाम सोनीपत के खरखौदा में प्लॉट है, जिसे मिलाकर उनकी अचल संपत्ति करीब 2 करोड़ रुपये की है।

विनेश फोगाट के नाम पर है कर्ज

विनेश फोगाट ने नामांकन के वक्त दिए गए चुनावी हलफनामे में जानकारी दी है कि उनके नाम एक कार का कर्ज भी है। उन्होंने इनोवा कार खरीदने के लिए बैंक से 13 लाख रुपये का लोन भी ले रखा है।

यहां किया है निवेश 

विनेश फोगाट ने शेयर बाजार में खूब पैसा लगाया हुआ है। विनेश और उनके पति ने शेयर बाजार में 6 कंपनियों पर करीब 19 लाख रुपये निवेश कर रखा है। इसके अलावा विनेश फोगाट ने 1.50 लाख का प्रीमियम इंश्योरेंस भी करा रखा है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ