मैनचेस्टर टेस्ट मैच अब इंग्लिश टीम के पक्ष में जाता हुआ नजर आ रहा है। टीम इंडिया के 358 रनों के जवाब में तीसरे दिन के खेल खत्म होने तक इंग्लिश टीम ने 7 विकेट पर 544 रन बना लिए हैं। जिसके कारण उनकी टीम के पास अब 186 रनों की लीड हो गई है। टीम इंडिया के लिए अब मैच जीतना बहुत ही मुश्किल हो गया है।
इंग्लैंड की टीम ने 7वां विकेट गंवा दिया है। क्रिस वोक्स सिर्फ 4 रन बनाकर ही मोहम्मद सिराज का शिकार बने हैं। हालांकि इसके बाद बेन स्टोक्स दोबारा बल्लेबाजी करने पहुंच गए हैं।
इंग्लैंड की टीम ने अपना छठा विकेट खो दिया है। विकेटकीपर बल्लेबाज जैमी स्मिथ सिर्फ 9 रन बनाकर ही जसप्रीत बुमराह का शिकार बने हैं।
मैनचेस्टर टेस्ट मैच की पहली पारी में इंग्लिश टीम ने अब 500 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। इसी के साथ टीम इंडिया पर उनकी लीड 142 रनों की हो गई है। जबकि अभी भी इंग्लैंड के 5 विकेट बचे हुए हैं।
इंग्लैंड की टीम ने अपना पांचवां विकेट गंवा दिया है। जो रूट 150 रन बनाकर रवींद्र जडेजा का शिकार बने हैं। इसी के साथ जडेजा को दूसरा विकेट मिला है।
इंग्लिश टीम के कप्तान बेन स्टोक्स को बल्लेबाजी करते हुए पैर में निगल हो गया। जिसके कारण ही 66 रनों के स्कोर पर उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। उनकी जगह जैमी स्मिथ बल्लेबाजी करने उतरे हैं।
आखिरी सेशन का खेल शुरू हो चुका है। जो रूट टीम इंडिया के लिए सबसे बड़े सिरदर्द बने हुए हैं। वहीं, स्टोक्स भी क्रीज पर आंखें जमा चुके हैं।
टी-ब्रेक तक इंग्लैंड ने 4 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 433 रन लगा दिए हैं। रूट 121 और बेन स्टोक्स 36 रन बनाकर क्रीज पर बरकरार है। इंग्लैंड की बढ़त 75 रनों की हो चुकी है।
जो रूट टेस्ट क्रिकेट में अब सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। रूट ने 120 रन बनाते ही रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ दिया है। अब उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर ही हैं।
जो रूट ने भारत के खिलाफ अपना 12वां शतक पूरा कर लिया है। इस सेंचुरी तक पहुंचने के लिए रूट ने 179 गेंदों का सामना किया। रूट एक और कमाल की पारी खेल रहे हैं।
इंग्लैंड ने 400 रनों का आंकड़ा छू लिया है। रूट अपने शतक की दहलीज पर खड़े हैं, तो स्टोक्स उनका साथ 27 रन बनाकर निभा रहे हैं। भारत को विकेट की तलाश है। इंग्लैंड की लीड 45 रनों की हो चुकी है।
इंग्लैंड ने टीम इंडिया द्वारा बनाए गए स्कोर को पार कर लिया है। अभी इंग्लिश टीम के छह विकेट बचे हुए हैं और जो रूट कमाल की बल्लेबाजी कर रहे हैं। दूसरे छोर पर बेन स्टोक्स खड़े हैं।
वॉशिंगटन सुंदर का जादू लॉर्ड्स की तरह ओल्ड ट्रैफर्ड में भी सिर चढ़कर बोल रहा है। ओली पोप के बाद अब उन्होंने हैरी ब्रूक को भी पवेलियन की राह दिखा दी है। ब्रूक सिर्फ 3 रन बनाकर चलते बने हैं।
ओली पोप की पारी का अंत वॉशिंगटन सुंदर ने कर दिया है। पोप 71 रन बनाकर चलते बने हैं। इंग्लैंड ने अपना तीसरा विकेट 341 रनों के स्कोर पर गंवा दिया है।
लंच ब्रेक तक इंग्लैंड ने 2 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 332 रन लगा दिए हैं। इस सेशन में भारतीय गेंदबाज एक विकेट तक नहीं चटका सके। जो रूट 63 और ओली पोप 70 रनों पर पहुंच चुके हैं। यह साझेदारी 135 रनों की हो चुकी है।
99 गेंदों में जो रूट ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। रूट और पोप बेहद आसानी से भारतीय गेंदबाजों का सामना कर रहे हैं। तेज गेंदबाजों के साथ-साथ स्पिन बॉलर्स को खेलने में भी उन्हें कोई दिक्कत नहीं आ रही है।
इंग्लैंड ने 300 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। पोप 61 रन पर पहुंच चुके हैं, तो जो रूट 45 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारतीय बॉलर्स पूरी तरह से दबाव में दिखाई दे रहे हैं।
ओली पोप का अर्धशतक पूरा हो गया है। पोप अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील करने में माहिर हैं। पोप को जल्द ही पवेलियन भेजना होगा, क्योंकि दूसरे छोर पर जो रूट भी बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं।
जो रूट और ओली पोप के आगे भारतीय बॉलिंग अटैक पूरी तरह से बेबस दिखाई दे रहा है। 275 रन इंग्लैंड के स्कोर बोर्ड पर लग चुके हैं। पोप 41 और रूट 35 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
जो रूट और पोप के बीच अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। इंग्लैंड ने 250 रनों का आंकड़ा भी पार कर लिया है। रूट 24 और पोप 30 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।