---विज्ञापन---

खेल angle-right

IND W vs AUS W: ऑस्ट्रेलिया ने तोड़ा भारत का वर्ल्ड कप जीतने का सपना, टूर्नामेंट से बाहर हुई हरमनप्रीत कौर की टीम

IND W vs AUS W: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ टीम इंडिया का सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना भी टूट गया और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गई.

---विज्ञापन---

India W vs Australia W: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का सफर समाप्त हो गया है. रविवार (28 जून) को लॉर्ड्स में खेले गए अहम मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हराकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया. इस हार के साथ ही टीम इंडिया टूर्नामेंट से बाहर हो गई. इस करो या मरो के मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के शानदार अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में 4 विकेट पर 170 रन बनाए. लेकिन एलिस पेरी और एश्ले गार्डनर के शानदार अर्धशतकीय पारियों के दम पर ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 19 ओवर में ही 4 विकेट पर 172 रन बना डाले और 6 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया.

हरमनप्रीत कौर की अर्धशतकीय पारी गई बेकार

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने अच्छी शुरुआत दिलाई. मंधाना ने 37 गेंदों पर 38 रन बनाए, जबकि शेफाली ने 26 गेंदों में 34 रनों की तेजतर्रार पारी खेली. जेमिमा रोड्रिग्स भी अच्छी लय में दिखीं, लेकिन 28 गेंदों पर 34 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हो गईं. वहीं, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 27 गेंदों में 56 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे.

---विज्ञापन---

हरमनप्रीत की अर्धशतकीय पारी के दम पर भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 170 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. वहीं, ऑस्ट्रेलिया की ओर से सोफी मोलिनक्स ने सर्वाधिक 2 विकेट झटके.

ये भी पढ़ें- IND vs IRE: आयरलैंड ने किया बड़ा उलटफेर, पहली बार टीम इंडिया का सूपड़ा साफ कर रचा इतिहास

एलिस पेरी और एश्ले गार्डनर ने छीन ली जीत

171 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को पहले ही ओवर में जॉर्जिया वोल के रूप में बड़ा झटका लगा. जॉर्जिया सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं. हालांकि, इसके बाद फीबी लिचफील्ड और बेथ मून ने पारी को संभाले रखा और दूसरे विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी की. लिचफील्ड ने 24 रन बनाए, जबकि मूनी ने 22 रन बनाकर आउट हुईं. ऑस्ट्रेलिया ने 68 रन के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए थे और भारतीय टीम हावी नजर आ रही थी. लेकिन अनुभवी बल्लेबाज एलिस पेरी और एश्ले गार्डनर दोनों ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर मैच का पासा पलट दिया.

---विज्ञापन---

दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी की और टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया. पेरी ने 38 गेंदों में 56 रनों की पारी खेली, जबकि गार्डनर ने 29 गेंदों में 53 रन बनाकर नाबाद लौटीं. ऑस्ट्रेलिया ने 19 ओवर में 4 विकेट पर 172 रन बनाकर मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम कर लिया. वहीं, भारत की ओर से श्री चरणी ने सबसे प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट झटके. रेणुका सिंह और दीप्ति शर्मा को 1-1 सफलता मिली. इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया और टीम इंडिया टूर्नामेंट से बाहर हो गई.

ये भी पढ़ें- IRE vs IND: हार के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कौन है विलेन, इस बात को लेकर हैं बेहद निराश 

First published on: Jun 28, 2026 10:39 PM

End of Article

About the Author

Sanjeet

संजीत कुमार News24 में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से जर्नलिज्म में परास्नातक की पढ़ाई पूरी की. मूलत: ज्ञान और मोक्ष की भूमि, गया (बिहार) के रहने वाले हैं और पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे हैं. क्रिकेट खेलना और देखना काफी पसंद है. क्रिकेट, हाॅकी और फुटबॉल जैसे खेलों में रुचि रखते हैं.

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola