Virat Kohli on Shubman Gill: शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया 27 सितंबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने मैदान पर उतरेगी. इस सीरीज में पूर्व भारतीय कप्तान और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी खेलते नजर आएंगे, जिसका फैंस बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इसी बीच कोहली ने गिल की कप्तानी को लेकर बड़ा बयान दिया है. गिल को 2025 में इंग्लैंड दौरे से पहले रोहित शर्मा की जगह भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया था.
वहीं, अक्टूबर 2025 में उन्हें वनडे टीम की भी कमान सौंपी गई थी. विराट का कहना है कि गिल टेस्ट और वनडे की कप्तानी की भूमिका में नए हैं और वह अभी कप्तानी के गुर सीख रहे हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि गिल के पास भारतीय टीम को लीड करने की सही सोच और जोश हैं.
शुभमन गिल अभी सीख रहे हैं – विराट कोहली
विराट कोहली ने रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ तिरुवंतपुरम में होने वाले पहले वनडे मुकाबले से पहले जियोस्टार के साथ इंटरव्यू में शुभमन गिल की कप्तानी को लेकर खुलकर बात की. कोहली ने कहा, “शुभमन अभी कप्तानी के गुर सीख रहे हैं. इस भूमिका में वे अभी नए हैं, लेकिन उनमें भारतीय टीम की कप्तानी करने का सही नजरिया और सही जोश है.” कोहली ने आगे गिल की कप्तानी को लेकर बड़ी भविष्यवाणी करते हुए कहा कि गिल लंबे समय तक टीम इंडिया की कप्तानी करेंगे.
उन्होंने कहा, “मैदान पर टीम के काम करने के तरीके को लेकर उनके प्लान बिल्कुल साफ हैं. उनमें भारतीय क्रिकेट टीम को सही तरीके से आगे ले जाने की इच्छाशक्ति है, जो सबसे जरूरी बात है. इसलिए, मुझे लगता है कि वे लंबे समय तक कप्तानी करेंगे और बहुत अच्छा करेंगे.”
‘बल्लेबाजों को आउट करने के नए-नए तरीके सोचते हैं’
विराट ने आगे कहा कि, “गिल मैदान पर बल्लेबाजों को आउट करने के नए-नए तरीके सोचते रहते हैं, जो हमेशा कुछ अलग करने या दूसरों से एक कदम आगे रहने की निशानी है. वे अलग-अलग तरह की फील्डिंग सेट करने, खिलाड़ियों पर दबाव बनाने, गेंदबाजों से बात करने और खास तरह का बॉलिंग अटैक आजमाने से हिचकिचाते नहीं हैं.”
शुभमन गिल बेहतर करना चाहेंगे अपना कप्तानी रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज शुभमन गिल अपनी कप्तानी रिकॉर्ड को बेहतर चाहेंगे. गिल की कप्तानी में टीम इंडिया अब तक 4 वनडे सीरीज खेल चुकी है, लेकिन टीम को सिर्फ एक सीरीज में जीत मिली है. गिल की कप्तानी में भारत ने सिर्फ अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज जीती है, जबकि ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के हाथों हार झेलनी पड़ी है. गिल ने अभी तक 12 वनडे मैचों में कप्तानी की है, जिनमें 6 जीते और 6 हारे हैं.
हालांकि, कप्तान गिल ने वनडे क्रिकेट में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने अपनी कप्तानी में खेले 12 वनडे मैचों की 11 पारियों में 604 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने एक और 5 अर्धशतक जड़े हैं. उनका बेस्ट स्कोर 154 रन का रहा है.