IND vs NZ: क्राइस्टचर्च में टीम इंडिया ने रचा इतिहास, T20I में चेज किया सबसे बड़ा टारगेट
IND vs NZ: टीम इंडिया ने पहले टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया है. क्राइस्टचर्च में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड से मिले 226 रनों का विशाल लक्ष्य को 2 गेंद बाकी रहते ही हासिल कर लिया.
भारत ने पहले टी20 में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया (PIC Credit - ANI)
India vs New Zealand 1st T20I: टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में 4 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. क्राइस्टचर्च में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 226 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था, जिसे भारतीय टीम ने 19.4 ओवर में ही 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया. इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई, बल्कि टी20I क्रिकेट में इतिहास भी रच दिया. यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत का अब तक का सबसे बड़ा रन चेज रहा.
विज्ञापन
भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर रचा इतिहास
226 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने तूफानी शुरुआत दिलाई. अभिषेक और सैमसन ने मिलकर पहले विकेट के लिए सिर्फ 5.5 ओवर में ही 93 रनों की साझेदारी की. अभिषेक 12 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए. हालांकि, सैमसन एक छोर पर टिके रहे और 23 गेंदों पर तूफानी अर्धशतक जड़ा. उन्होंने 203.03 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 67 रनों की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे.
विज्ञापन
संजू के आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला. श्रेयस ने 28 गेंदों पर 42 रनों की पारी खेली और अक्षर पटेल ने 24 रन बनाए. आखिर में नमन धीर ने महज 15 गेंदों पर नाबाद 42 रनों की तूफानी पारी खेलकर भारत को जीत दिला दी. भारत ने इतिहास रचते हुए 19.4 ओवर में ही 226 रनों का लक्ष्य हासिल कर 4 विकेट से मुकाबला जीत लिया. इसी के साथ भारतीय टीम ने टी20 इंटरनेशनल में लक्ष्य हासिल करने का अपना नया रिकॉर्ड बना दिया. इससे पहले टी20I में भारत सर्वोच्च सफल रन चेज 209 रन का था. भारत ने ऑस्ट्रेलिया (वाईजैक, 2023) और न्यूजीलैंड (रायपुर, 2026) के खिलाफ 209 रनों के लक्ष्य हासिल किए थे.
न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ बनाया अपना सबसे बड़ा स्कोर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान न्यूजीलैंड की टीम ने फिन एलेन और ग्लेन फिलिप्स की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर 20 ओवर में 4 विकेट पर 225 रनों का स्कोर खड़ा किया. इसी के साथ न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ अपने सबसे बड़े स्कोर की बराबरी की. न्यूजीलैंड ने इसी साल तिरुवनंतपुरम में भी लक्ष्य का पीछा करते हुए सभी विकेट खोकर 225 रन बनाए थे. उस मैच में भी न्यूजीलैंड को हार मिली थी.
विज्ञापन
यह न्यूजीलैंड का अपने घरेलू मैदान पर अब तक का सर्वोच्च स्कोर भी रहा. इस मुकाबले में एलन ने 24 गेंदों में 45 रन बनाए, जबकि फिलिप्स ने 40 गेंदों पर नाबाद 82 रनों की तूफानी पारी खेली. वहीं, बेवॉन जैकब्स ने 31 रन की तेजतर्रार पारी खेली. इस मैच में भारत की ओर से अक्षर पटेल सबसे महंगे साबित हुए, जिन्होंने अपने चार ओवरों में 51 रन लुटाए. वहीं, 4 साल बाद इंटरनेशनल मैच खेल रहे भुवनेश्वर कुमार ने अपने 4 ओवरों में बिना कोई विकेट लिए 49 रन खर्च किए.