---विज्ञापन---

खेल angle-right

भारत-अफगानिस्तान टेस्ट में बने 5 बड़े रिकॉर्ड, टीम इंडिया ने रचा नया इतिहास

IND vs AFG: मुल्लांपुर में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हरा दिया. भारत की 564/8 की पहली पारी के जवाब में अफगानिस्तान की टीम अपनी दोनों पारियों में क्रमशः 152 और 112 रन ही बना सकी.

---विज्ञापन---

India vs Afghanistan Test: भारतीय क्रिकेट टीम ने मुल्लांपुर में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराकर इतिहास रच दिया. यह टेस्ट क्रिकेट में रनों के लिहाज से भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत रही. इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी में 564/8 रन बनाकर पारी घोषित की. इसके जवाब में अफगानिस्तान की टीम अपनी पहली पारी में 152 रन ही बना सकी.

भारत के लिए डेब्यू कर रहे स्पिनर मानव सुथार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट चटकाए. इसके बाद फॉलोऑन खेलने उतरी अफगानिस्तान की टीम दूसरी पारी में भी संघर्ष करती नजर आई और 112 रन पर ऑलआउट हो गई. इस बार वाशिंगटन सुंदर ने 36 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. इस मैच में टीम इंडिया ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन किया. वहीं, इस मुकाबले में 5 बड़े रिकॉर्ड्स भी बने.

---विज्ञापन---

टेस्ट इतिहास में भारत की सबसे बड़ी जीत

भारत ने इस मुकाबले को पारी और 300 रन से जीतकर टेस्ट क्रिकेट में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की. इससे पहले भारत की सबसे बड़ी जीत 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पारी और 272 रन से आई थी. भारत की टेस्ट इतिहास की शीर्ष तीन सबसे बड़ी जीतों में अब दो जीतें अफगानिस्तान के खिलाफ दर्ज हैं. इससे पहले भारतीय टीम ने 2018 में भी अफगानिस्तान को पारी और 262 रन से हराया था.

केएल राहुल ने पूरे किए 9000 फर्स्ट क्लास रन

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में भारतीय पारी की शुरुआत करने उतरे केएल राहुल ने अपने टेस्ट करियर का 12वां शतक लगाया. उन्होंने 11 चौकों की मदद से 100 रन बनाए और यह अफगानिस्तान के खिलाफ उनका पहला टेस्ट शतक रहा. इस पारी के दौरान राहुल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपने 9,000 रन भी पूरे किए. उन्होंने यह उपलब्धि 121 मैचों की 210 पारियों में हासिल की.

---विज्ञापन---

शुभमन गिल ने बनाया सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर

इस मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल का भी बल्ला खूब गरजा. गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 177 गेंदों में 126 रन बनाए. अपनी पारी में उन्होंने 15 चौके और एक छक्का लगाया. यह उनके टेस्ट करियर का 11वां शतक था. इसी के साथ गिल अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए. इस मामले में उन्होंने पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ 107 रन की पारी खेली थी. वहीं, मुरली विजय 105 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं.

बतौर कप्तान गिल ने बनाया खास रिकॉर्ड

इस शतकीय पारी के दौरान गिल ने टेस्ट क्रिकेट में कप्तान के रूप में अपने 1,000 रन भी पूरे कर लिए. इसी के साथ गिल दूसरे सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बन गए, जिन्होंने 15 पारियों में ये उपलब्धि हासिल की. उनसे आगे सिर्फ सुनील गावस्कर हैं, जिन्होंने 14 पारियों में ये कारनामा किया था. वह टेस्ट में बतौर कप्तान एक हजार रन पूरे करने वाले भारत के 11वें बल्लेबाज भी बने.

---विज्ञापन---

उनके नाम अब कप्तान के तौर पर 9 टेस्ट मैचों की 15 पारियों में 1,076 रन दर्ज हो गए हैं. गिल की कप्तानी में बल्लेबाजी औसत 82.76 से अधिक है, जो कम से कम 1,000 टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय कप्तानों में सबसे बेहतर है. इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 1 अर्धशतक लगाया है.

ये भी पढ़ें- टेस्ट डेब्यू में 5 विकेट लेने वाले 10वें भारतीय बने मानव सुथार, जानें कौन-कौन कर चुके हैं ये कारनामा

मानव सुथार ने डेब्यू पर रचा इतिहास

भारत के लिए पहला टेस्ट मैच खेल रहे मानव सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहली पारी में 22 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 33 रन देकर 6 विकेट हासिल किए, जबकि दूसरी पारी में एक विकेट हासिल किया. इसी के साथ सुथार टेस्ट डेब्यू में 5 विकेट लेने वाले भारत के 10वें गेंदबाज बन गए हैं. वह डेब्यू टेस्ट में पांच विकेट लेने वाले सातवें भारतीय स्पिनर भी हैं.

---विज्ञापन---

इसके साथ ही 23 साल के सुथार डेब्यू टेस्ट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. उनसे आगे केवल नरेंद्र हिरवानी हैं, जिन्होंने 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट में 16 विकेट लिए थे.

ये भी पढ़ें- IND A vs SL A: किस चैनल पर होगी वैभव सूर्यवंशी के मैच की लाइव स्ट्रीमिंग, यहां जानें ट्राई सीरीज की पूरी डिटेल्स

First published on: Jun 08, 2026 04:29 PM

End of Article

About the Author

Sanjeet

संजीत कुमार News24 में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से जर्नलिज्म में परास्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद 2022 में Prabhat Khabar, रांची से पत्रकारिता का सफर शुरू किया. फिर SportzWiki में लगभग डेढ़ साल काम करने के बाद News24 में पहुंचे हैं. क्रिकेट खेलना और देखना काफी पसंद है. मूलत: ज्ञान और मोक्ष की भूमि, गया (बिहार) के रहने वाले हैं और पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे हैं.

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola