IND vs AFG Highlights: भारत ने अफगानिस्तान को दी 7 विकेट से करारी मात, गिल ने खेली 84 रनों की शानदार पारी

IND vs AFG 1st ODI: भारत ने पहले वनडे मुकाबले में अफगानिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी. धर्मशाला में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 195 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे भारतीय टीम ने 22.5 ओवर में ही हासिल कर लिया.

India vs Afghanistan 1st ODI

India vs Afghanistan 1st ODI

IND vs AFG 1st ODI Highlights: भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में खेला गया यह मैच बारिश के कारण 25-25 ओवर का खेला गया. इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 195 रनों का लक्ष्य रखा था. इसके जवाब भारतीय टीम ने 22.5 ओवर में ही 3 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाकर हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. भारत की ओर से कप्तान शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा नाबाद 84 रनों की पारी खेली. उनके साथ केएल राहुल भी 39 रनों की तूफानी पारी खेलकर नाबाद रहे. वहीं, ईशान किशन ने 34 रन, रोहित शर्मा ने 16 रन और श्रेयस अय्यर ने 12 रनों का योगदान दिया. वहीं, अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह उमरज़ई और राशिद खान ने 1-1 विकेट हासिल किया.

विज्ञापन

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम 24.5 ओवर में 194 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. अफगानिस्तान के लिए रहमानुल्लाह गुरबाज ने शानदार शतकीय पारी खेली और 51 गेंदों पर 102 रन बनाए. उनके अलावा, कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका. कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने 27 रन और अजमतुल्लाह उमरजई ने 26 रन बनाए, जबकि 8 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सके. वहीं, भारत की ओर से डेब्यू कर रहे हर्ष दुबे और गुरनूर बरार ने 3-3 विकेट हासिल किए. अर्शदीप सिंह और नितीश कुमार रेड्डी ने 2-2 विकेट लिए.

विज्ञापन

LIVE UPDATES

IND vs AFG Live Score: भारत ने अफगानिस्तान 7 विकेट से हराया

भारत ने पहले वनडे मैच में अफगानिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया. धर्मशाला में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 195 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे टीम इंडिया ने 22.5 ओवर में ही हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. भारत की ओर से कप्तान शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा नाबाद 84 रनों की पारी खेली. उनके साथ केएल राहुल भी 39 रनों की तूफानी पारी खेलकर नाबाद रहे. वहीं, ईशान किशन ने 34 रन, रोहित शर्मा ने 16 रन और श्रेयस अय्यर ने 12 रनों का योगदान दिया. वहीं, अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह उमरज़ई और राशिद खान ने 1-1 विकेट हासिल किया.

IND vs AFG Live Score: भारत को लगा तीसरा झटका

18वें ओवर की तीसरी गेंद पर भारत को श्रेयस अय्यर के रूप में तीसरा झटका लगा. अय्यर 15 गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हो गए. उन्हें जिया उर रहमान शरीफी ने आउट किया. 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर 3 विकेट पर 143 रन है.

IND vs AFG Live Score: भारत को लगा दूसरा झटका

13वें ओवर की 5वीं गेंद पर भारत को ईशान किशन के रूप में दूसरा झटका लगा. ईशान 22 गेंदों पर 34 रन बनाकर राशिद खान की गेंद पर आउट हो गए. 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर 2 विकेट पर 117 रन है. चौथे नंबर श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी करने आए हैं.

IND vs AFG Live Score: शुभमन गिल ने जड़ा शानदार अर्धशतक

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार अर्धशतक जड़ दिया है. गिल ने 37 गेंदों पर चौके के साथ अपना पचासा पूरा किया. इस पारी के दौरान गिल ने 3000 वनडे रन भी पूरे कर लिए. 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 109 रन है.

IND vs AFG Live Score: भारत को लगा पहला झटका

छठे ओवर की चौथी गेंद पर भारत को रोहित शर्मा के रूप पहला झटका लगा. रोहित एक रन चुराने की कोशिश में रन आउट हो गए. उन्होंने 16 रन बनाए. 6 ओवर के बाद भारत का स्कोर 47/1 है.

IND vs AFG Live Score: पहले ओवर में अजमतुल्लाह उमरजई ने दिए 7 एक्ट्रा रन

अफगानिस्तान के लिए पहला ओवर फेंकने आए अजमतुल्लाह उमरजई ने वाइड और नोबॉल से 7 रन दे दिए. रोहित शर्मा पुल शॉट खेलने के प्रायस में चोटिल हुए। भारत ने पहले ओवर में बगैर विकेट के 8 रन बनाए. जीत के लिए 187 रन चाहिए. रोहित शर्मा 1 और शुभमन गिल बगैर खाता खोले क्रीज पर.

IND vs AFG Live Score: भारत की बल्लेबाजी शुरू

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए रोहित शर्मा और शुभमन गिल पारी का आगाज करने उतरे हैं. वहीं, अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह उमरजई पहला ओवर फेंकने आए हैं.

IND vs AFG Live Score: भारत को मिला 195 रनों का लक्ष्य

अफगानिस्तान ने भारत के सामने 195 रनों का लक्ष्य रखा है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम 194 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. टीम के लिए रहमानुल्लाह गुरबाज ने सबसे ज्यादा 102 रन बनाए. उनके अलावा, कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका. वहीं, भारत की ओर से डेब्यू कर रहे हर्ष दुबे और गुरनूर बरार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट झटके. गुरनूर ने आखिरी ओवर में राशिद खान और जिया उर रहमान शरीफी को आउट किया.

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान का 9वां विकेट गिरा

25वें ओवर की तीसरी गेंद पर अफगानिस्तान को राशिद खान के रूप में 9वां झटका लगा. राशिद सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए. उन्हें गुरनूर बरार ने आउट किया.

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान का 8वां विकेट गिरा

22वें ओवर में हर्ष दुबे ने दो विकेट हासिल किए. हर्ष ने पहले ओवर की दूसरी गेंद पर अजमतुल्लाह ओमरजई को पवेलियन भेजा. ओमरजई 16 गेंद पर 26 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद उन्होंने चौथी गेंद पर अल्लाह गजनफर को भी अपना शिकार बनाया. गजनफर अपना खाता तक नहीं खोल सके. अफगानिस्तान ने 21.4 ओवर में 8 विकेट पर 182 रन बनाए.

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान का छठा विकेट गिरा

21वें ओवर की तीसरी गेंद पर नितीश कुमार रेड्डी ने मोहम्मद नबी को पवेलियन भेज दिया. नबी सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए. राशिद खान नए बल्लेबाज हैं. अजमतुल्ला ओमरजई 20 रन बनाकर क्रीज पर. अफगानिस्तान ने 20.4 ओवर में 6 विकेट पर 176 रन बनाए.

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान का 5वां विकेट गिरा

17वें ओवर की तीसरी गेंद पर अफगानिस्तान को कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के रूप में 5वां झटका लगा. उन्हें हर्ष दुबे ने आउट किया. 17 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 144/5 है.

IND vs AFG Live Score: रहमानुल्लाह गुरबाज लौटे पवेलियन

16वें ओवर की तीसरी गेंद पर अफगानिस्तान को रहमानुल्लाह गुरबाज के रूप में चौथा झटका लगा. गुरबाज 51 गेंदों पर 102 रन बनाकर नीतिश कुमार रेड्डी की गेंद पर आउट हो गए. 16 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 143/4 है.

IND vs AFG Live Score: रहमानुल्लाह गुरबाज ने जड़ा शानदार शतक

भारत के खिलाफ रहमानुल्लाह गुरबाज ने शानदार शतक जड़ दिया है. गुरबाज ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 8 छक्के जड़े. यह भारत के खिलाफ उनका पहला और ओवरऑल 9वां वनडे शतक है.

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान ने 10 ओवर में बनाए 79 रन

अफगानिस्तान ने शुरुआती 10 ओवर मे 3 विकेट के नुकसान पर 79 रन बना लिए हैं. फिलहाल रहमानुल्लाह गुरबाज़ 57 रन और कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी 16 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं.

IND vs AFG Live Score: रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने जड़ा अर्धशतक

भारत के खिलाफ रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने अर्धशतक जड़ दिया है. गुरबाज ने 25 गेंदों में छक्के के साथ अपना पचासा पूरा किया. यह अफगानिस्तान के लिए दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है. गुरबाज अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अब तक 55 रन बना चुके हैं.

IND vs AFG Live Score: भारत को मिली तीसरी सफलता

5वें ओवर की तीसरी गेंद पर अफगानिस्तान को रहमत शाह के रूप में तीसरा झटका लगा. रहमत सिर्फ 3 रन बनाकर अर्शदीप सिंह की गेंद पर आउट हो गए. 5 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 3 विकेट पर 27 रन है.

IND vs AFG Live Score: भारत को मिली दूसरी सफलता

तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर भारत को दूसरी सफलता भी मिल गई. अर्शदीप सिंह ने सिद्दीकुल्लाह अटल को पवेलियन भेज दिया. सिद्दीकुल्लाह अपना खाता भी नहीं खोल सके. 3 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 17/1 है.

IND vs AFG Live Score: भारत को मिली पहली सफलता

अपना डेब्यू मैच खेल रहे गुरनूर बरार ने अपने पहले ही ओवर में भारत को सफलता दिलाई है. दूसरे ओवर की 5वीं गेंद पर गुरनूर ने इब्राहिम जादरान के रूप में अपना पहला विकेट हासिल किया. जादरान सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए. 2 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 13/1 है.

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान की बल्लेबाजी शुरू

अफगानिस्तान की बल्लेबाजी शुरू हो गई है. इब्राहिम जादरान और रहमानुल्लाह गुरबाज़ पारी का आगाज करने उतरे हैं. वहीं, भारत की ओर से तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पहला ओवर फेंकने आए हैं.

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान की प्लेइंग 11

इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज़, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), राशिद खान, मोहम्मद सलीम सफ़ी, एएम ग़ज़नफ़र, ज़िया उर रहमान शरीफी.

IND vs AFG Live Score: भारत की प्लेइंग 11

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा.

IND vs AFG Live Score: भारत ने जीता टॉस

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. भारत की ओर से दो खिलाड़ी हर्ष दुबे और गुरनूर बरार को वनडे डेब्यू का मौका मिला है.

IND vs AFG Live Score: हर्ष दुबे और गुरनूर बरार को मिली टेस्ट कैप

हर्ष दुबे और गुरनूर बरार को डेब्यू कैप मिल चुकी है. मैच से पहले केएल राहुल ने दुबे को कैप सौंपी, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने बरार को डेब्यू कैप सौंपी.

IND vs AFG Live Score: 25-25 ओवर का होगा मैच

धर्मशाला में लगभग 3 घंटे हुई बारिश के कारण ओवर्स में कटोती की गई है. मैच की शुरुआत भारतीय समय के मुताबिक शाम 5.45 से होगी और अब 25-25 ओवर का मुकाबला खेला जाएगा. खिलाड़ियों ने वार्म-अप शुरू कर दिया है.

IND vs AFG Live Score: बारिश रुकी, कब शुरू होगा मैच?

धर्मशाला से क्रिकेट फैंस के लिए खुशखबरी सामने आई है. लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बारिश रुक गई है और मैच शुरू होने वाला है. क्रिकबज के मुताबिक, शाम 5.15 (IST) पर टॉस होगा और 5.45 (IST) से मैच की शुरुआत होगी.

IND vs AFG Live Score: धर्मशाला में अब भी हो रही बारिश

धर्मशाला में अभी भी हल्की बूंदा-बांदी हो रही है. दोनों टीमों के खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में बातचीत कर रहे हैं और फैंस बारिश रुकने का इंतजार कर रहे हैं. 20 ओवर के मैच के लिए समय (6:32 PM) तेजी से समाप्त हो रहा है. दो घंटे से भी कम समय बचा है.

IND vs AFG Live Score: क्या रद्द हो जाएगा मुकाबला?

धर्मशाला में बारिश अब भी जारी है. मैच का कट ऑफ टाइम शाम 6.32 का है. अगर तब तक बारिश रुक जाती है तो 20-20 ओवर के मैच की संभावना है. लेकिन अगर कट ऑफ टाइम से पहले टॉस नहीं हुआ तो यह मैच रद्द कर दिया जाएगा.

IND vs AFG Live Score: ओवर्स कटना शुरू, क्या है कट ऑफ टाइम?

भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1.30 बजे से होनी थी, लेकिन बारिश के कारण अभी तक टॉस भी नहीं हो पाया है. 2 बजे के बाद से ओवर्स कटना शुरू हो गए हैं. वहीं, 20 ओवर के मैच का कट-ऑफ टाइम शाम 6:32 बजे है. अगर इस समय तक मैच नहीं शुरू हुआ तो मुकाबला रद्द हो सकता है.

IND vs AFG Live Score: धर्मशाला में मौसम खराब

धर्मशाला में अभी भी मौसम साफ नहीं हुआ है और बारिश जारी है. ग्राउंड स्टाफ ने मैदान के अन्य हिस्सों को भी कवर्स से ढकना शुरू कर दिया है. मैच के लिए फैंस को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है.

IND vs AFG Live Score: धर्मशाला में बारिश जारी

धर्मशाला में बारिश जारी है. क्रिकबज के मुताबिक, मैदान पर और भी कवर्स लाए जा रहे हैं और रन-अप एरिया को ढका जा रहा है.

IND vs AFG Live Score: कब शुरू होगा मैच?

धर्मशाला में बारिश हो रही है, जिसके चलते भारत और अफगानिस्तान के बीच पहले वनडे का टॉस निर्धारित समय पर नहीं हो सका है. हालांकि, पूरे मैदान को कवर्स से नहीं ढका गया है, लेकिन पिच और उसके आसपास के महत्वपूर्ण हिस्सों को सुरक्षित रखने के लिए कवर्स लगाए गए हैं. मौजूदा हालात को देखते हुए मुकाबले की शुरुआत में कम से कम 30 मिनट से लेकर एक घंटे तक की देरी होने की संभावना जताई जा रही है. फैंस बारिश रुकने का इंतजार कर रहे हैं.

IND vs AFG Live Score: बारिश के कारण टॉस में देरी

धर्मशाला में सुबह से ही मौसम खराब बना हुआ है और रुक-रुक कर बारिश हो रही है. लगातार बारिश के चलते टॉस निर्धारित समय पर नहीं हो सका और इसमें देरी हो गई है. इस बात की पुष्टि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भी कर दी है.

IND vs AFG Live Score: थोड़ी देर में होगा टॉस

भारत बनाम अफगानिस्तान पहले वनडे मैच के लिए अब से थोड़ी देर में यानी करीब 1 बजे टॉस होगा. टॉस के लिए भारतीय कप्तान शुभमन गिल और अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी मैदान पर उतरेंगे.

IND vs AFG Live Score: रोहित शर्मा रचेंगे नया इतिहास!

रोहित शर्मा इस मैच में 39 साल 44 दिन के होंगे और वो भारत के लिए वनडे खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे. इससे पहले भारत की तरफ सबसे ज्यादा उम्र में वनडे खेलने वाले खिलाड़ी मोहिंदर अमरनाथ थे जिन्होंने अपना आखिरी मैच 39 साल 36 दिन की उम्र में खेला था. इसके अलावा, रोहित इस मैच में 6 रन बनाते ही बतौर ओपनर 16 हजार रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे.

IND vs AFG Live Score: नंबर-3 पर कौन करेगा बल्लेबाजी?

विराट कोहली चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं. ऐसे में टीम इंडिया के सामने बड़ा सवाल यह है कि नंबर-3 पर कौन बल्लेबाजी करेगा? नंबर-3 पर यशस्वी जायसवाल या ईशान किशन को जगह मिल सकती है. यशस्वी ने अपनी पिछली वनडे पारी में शतक लगाया था. वहीं, ईशान ने लंबे समय से नंबर 3 पर टी20 में बेहतरीन प्रदर्शन किया है. अपने आखिरी वनडे में ईशान ने भी दोहरा शतक लगाया था.

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान की संभावित प्लेइंग 11

रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, सिद्दीकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, एएम ग़ज़नफ़र, बिलाल समी/मोहम्मद सलीम.

IND vs AFG Live Score: भारत की संभावित प्लेइंग 11

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, ईशान किशन/यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार/प्रिंस यादव.

IND vs AFG Live Score: हेड टू हेड रिकॉर्ड

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे क्रिकेट में भारत का पलड़ा भारी रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 4 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से भारत ने तीन में जीत दर्ज की है. वहीं एक मैच टाई रहा था. अफगानिस्तान की टीम आज तक वनडे में भारत को हराने में सफल नहीं हो पाई है.

IND vs AFG Live Score: मैच पर बारिश का खतरा

धर्मशाला में खेले जाने वाले भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज के पहले मुकाबले पर मौसम की मार पड़ती नजर आ रही है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सुबह 7 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक बारिश की संभावना बनी हुई है. ऐसे में मैच के दौरान बार-बार बारिश खलल डाल सकती है, जिससे फैंस का रोमांच फीका पड़ने का खतरा है. अगर मौसम ने साथ नहीं दिया तो मुकाबले के ओवरों में कटौती या फिर मैच के रद्द होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता.

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान का स्क्वॉड

हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, रहमत शाह, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, नांग्याल खारोताई, एएम गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद मलिक, बिलाल सामी.

IND vs AFG Live Score: भारत का स्क्वॉड

शुभमन गिल (कप्‍तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर (उपकप्‍तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे.

IND vs AFG Live Score: भारत बनाम अफगानिस्तान पहला वनडे आज

भारत और अफगानिस्तान के बीच आज (13 जून) तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा. दोनों टीमें धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी के लिहाज से यह सीरीज दोनों ही टीमों के लिए अहम मानी जा रही है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Sanjeet

Sanjeet

संजीत कुमार News24 Hindi में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे है. संजीत ने अपने करियर की शुरुआत अगस्त 2020 में की थी. वह मुख्य रूप से क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और ओलंपिक खेलों में रुचि रखते हैं और खबरें लिखते हैं. संजीत अब तक आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप से लेकर ओलंपिक तक कई बड़े टूर्नामेंट्स कवर कर चुके हैं. उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, आईपीएल, प्रो कबड्डी लीग कवर किया है. कितने साल का अनुभव: 4 साल डिग्री: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से मास्टर्स इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री प्राप्त की है. इसके अलावा, उन्होंने मगध यूनिवर्सिटी, बोधगया से फिजिक्स ऑनर्स से B.Sc किया है. विशेषज्ञता: क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और ओलंपिक खेल पिछला अनुभव: संजीत ने अपने करियर की शुरुआत Prabhat Khabar के साथ अगस्त 2020 में की थी, जहां उन्होंने 1 साल काम किया. प्रभात खबर में रहते हुए उन्होंने राइटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग भी की. उसके बाद उन्होंने SportzWiki हिंदी में एक साल से अधिक समय तक काम किया. जनवरी 2025 से वह न्यूज24 हिंदी के साथ सब एडिटर के रूप में जुड़े हुए हैं.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ