---विज्ञापन---

खेल angle-right

IND A vs SL A: आकिब नबी के कहर के आगे श्रीलंका ने टेके घुटने, तीसरे दिन इंडिया को मिली 170 रनों की बढ़त

IND A vs SL A: गॉल में इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच खेले जा रहे पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है. तीसरे दिन आकिब नबी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जिसके दम पर भारत ने श्रीलंका की पहली पारी 330 रन पर समेट दी और दिन का खेल खत्म होने तक 170 रनों की बढ़त हासिल कर ली.

---विज्ञापन---

India A Sri Lanka A 1st Unofficial Test: इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है. तीसरे दिन भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका की पहली पारी 330 रन पर समेट दी. इसके साथ ही भारत ने पहली पारी के आधार पर 122 रन की अहम बढ़त हासिल कर ली. इस दौरान तेज गेंदबाज आकिब नबी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए और श्रीलंका की कमर तोड़ दी. तीसरे दिन स्टंप्स होने तक भारत ने दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान 48 रन बना लिए और 170 रनों की बढ़त हासिल कर ली है.

श्रीलंका ए की पहली पारी 330 रन पर सिमटी

दूसरे दिन के खेल में श्रीलंका ने 28 रन के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिए थे. हालांकि, शुरुआती दो विकेट जल्दी गिरने के बाद नुवानिदु फर्नांडो और एशेन बंडारा ने श्रीलंका की पारी को संभाल लिया. श्रीलंका ने तीसरे दिन की शुरुआत 132/2 के स्कोर से किया था और 11 रन बाद ही टीम को तीसरा झटका लगा. यश ठाकुर ने फर्नांडो को आउट कर साझेदारी तोड़ दी. फर्नांडो 84 रन बनाकर पवेलियन लौटे. वहीं, बंडारा ने 70 रन और सहन अराचिगे 72 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम बड़ी साझेदारी को विशाल स्कोर में नहीं बदल सकी. एक समय श्रीलंका ए का स्कोर 6 विकेट पर 300 रन था, लेकिन इसके बाद पूरी टीम सिर्फ 30 रन जोड़कर अपने आखिरी 5 विकेट गंवा बैठी और पहली पारी में 330 रन ही बना सकी.

---विज्ञापन---

आकिब नबी ने बरपाया कहर

इंडिया ए की ओर से आकिब नबी ने कमाल की गेंदबाजी की. आकिब 19.4 ओवर में 58 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए. नबी ने अंजला बंडारा, रविंदु फर्नांडो, चमिका गुनासेकरा और दुलज समुदिता को अपना शिकार बनाया. उनके अलावा, यश ठाकुर और हर्ष दुबे ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि अंशुल कंबोज और सारांश जैन को एक-एक सफलता मिली.

ये भी पढ़ें- IND vs IRE: वैभव सूर्यवंशी समेत 3 खिलाड़ियों का डेब्यू, इन तीन का कटेगा पत्ता? दूसरे टी20 में ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग 11

पहली पारी में इंडिया ए ने बनाए थे 452 रन

इससे पहले इंडिया ए ने अपनी पहली पारी में दमदार बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 452 रन बनाकर पारी घोषित की थी. इसके जवाब में श्रीलंका ए की टीम 330 रन ही बना सकी और भारत को पहली पारी के आधार पर 122 रन की अहम बढ़त मिल गई. तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने बिना कोई विकेट गंवाए 48 रन बनाकर 170 की लीड हासिल कर ली है. फिलहाल आयूष पांडे और देवदत्त पडिक्कल 20-20 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं. वहीं, साई सुदर्शन 7 रन बनाकर रिटायर हर्ट हुए. अब चौथे दिन भारतीय टीम की नजर इस बढ़त को और मजबूत कर मैच पर पूरी तरह कब्जा जमाने पर होगी.

---विज्ञापन---

ये भी पढ़ें- PAK W vs NED W: आखिरी मुकाबले में पाकिस्तान ने खोला जीत का खाता, आयशा जफर का चला जादू

First published on: Jun 27, 2026 07:11 PM

End of Article

About the Author

Sanjeet

संजीत कुमार News24 में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से जर्नलिज्म में परास्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद 2022 में Prabhat Khabar, रांची से पत्रकारिता का सफर शुरू किया. फिर SportzWiki में लगभग डेढ़ साल काम करने के बाद News24 में पहुंचे हैं. क्रिकेट खेलना और देखना काफी पसंद है. मूलत: ज्ञान और मोक्ष की भूमि, गया (बिहार) के रहने वाले हैं और पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे हैं.

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola