India A vs Australia A: ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली इंडिया ए टीम ने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में 49 रनों से रोमाचंक जीत दर्ज की. पुडुचेरी में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 276 रनों का लक्ष्य रखा था. जवाब में उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम एक समय जीत की प्रबल दावेदार मानी जा रही थी, लेकिन फिर पासा पलट गया और पूरी टीम 46.2 ओवर में 226 रन पर ही ढेर हो गई.
इस मैच में भारत की ओर से सूर्यांश शेडगे ने बल्ले से धमाल मचाते हुए 66 रनों की पारी खेली, जबकि गेंदबाजी में गुरजपनीत सिंह ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए. हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती दो मैच जीतकर पहले ही सीरीज पर कब्जा जमा लिया था और इस हार के साथ कंगारुओं ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम किया.
सूर्यांश शेडगे ने खेली शानदार अर्धशतकीय पारी
इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ए ने टॉस जीतकर इंडिया ए को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था. पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम को सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने शानदार शुरुआत दिलाई. प्रभसिमरन ने 34 गेंदों पर 39 रनों की पारी खेली, जबकि प्रियांश ने 45 गेंदों पर 49 रन बनाए. हालांकि, इसके बाद भारत की पारी लड़खड़ा गई और टीम ने 118 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए. देवदत्त पडिक्कल (2), रजत पाटीदार (3) और निशांत सिंधु (5) सस्ते में आउट हो गए.
इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभाला और 57 गेंदों पर 33 रन बनाए. वहीं, सूर्यांश शेडगे ने 60 गेंदों पर 66 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया. अंत में विप्रज निगम ने 44 गेंदों पर 40 रन बनाए. भारतीय टीम 47.3 ओवर में 275 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. ऑस्ट्रेलिया की ओर से बेन ड्वार्शुइस और विल सदरलैंड ने 3-3 विकेट हासिल किए.
गुरजपनीत सिंह ने झटके 3 विकेट
276 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को भी अच्छी शुरुआत मिली. जोश फिलिप और लियाम स्कॉट ने पहले विकेट लिए 82 रनों की साझेदारी की. फिलिप 48 गेंदों पर 56 रन बनाकर आउट हुए और इसके तुरंत बाद स्कॉट भी 42 गेंदों पर 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद लाचलान शॉ ने 31 रन, नाथन मैकस्वीनी ने 39 रन और निखिल चौधरी ने 29 रन जोड़े.
लेकिन इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई पारी लड़खड़ गई और सिर्फ 27 रनों के अंदर 5 विकेट गंवा दिए. ऑस्ट्रेलिया की टीम 46.2 ओवर में 226 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और 49 रनों से मैच हार गई. भारत की ओर से गुरजरनीत सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए. उनके अलावा, यश ठाकुर और निशांत सिंधु ने 2-2 विकेट हासिल किए. वहीं, विप्रज निगम और अनुकूल रॉय को 1-1 सफलता मिली. विप्रज निगम को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. वहीं, ऑस्ट्रेलिया के नाथन मैकस्वीनी ने प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड अपने नाम किया. उन्होंने तीन मैचों की इस वनडे सीरीज में कुल 299 रन बनाए और 2 विकेट हासिल किए.