ILT20 के ऑक्शन में बाबर आजम समेत 400 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली, भारत का सिर्फ एक प्लेयर शामिल
ILT20 के पांचवें सीजन के लिए 1 अकूटबर को दुबई में प्लेयर ऑक्शन होगा. इस ऑक्शन के लिए बाबर आजम, फिल सॉल्ट, रहमानुल्लाह गुरबाज, फाफ डु प्लेसिस और लियाम लिविंगस्टोन समेत 23 देशों के 400 खिलाड़ियों ने अपना नाम दर्ज करवाया है.
1 अक्टूबर को होगा ILT20 सीजन 5 के लिए प्लेयर ऑक्शन (PIC Credit - X)
ILT20 Auction: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेली जाने वाली इंटरनेशनल लीग टी20 (ILT20) के 5वें सीजन के प्लेयर ऑक्शन में दुनिया भर के कई बड़े क्रिकेट सितारों पर बोली लगने वाली है. पाकिस्तान के बाबर आजम, इंग्लैंड के फिल सॉल्ट और अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज समेत कुल 400 खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए अपना नाम दर्ज करवाया है. इसमें 200 से ज्यादा खिलाड़ी फुल मेंबर देशों का हिस्सा हैं. इस बार ऑक्शन में 23 देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 11 ICC फुल मेंबर देशों के अलावा कुवैत और सऊदी अरब के खिलाड़ी भी शामिल हैं. 1 अक्टूबर को दुबई में होने वाली इस नीलामी में भारत की ओर से सिर्फ एक खिलाड़ी ने अपना नाम रजिस्टर कराया है.
विज्ञापन
ILT20 ऑक्शन में पाकिस्तान के बाबर आजम समेत 17 खिलाड़ी
ILT20 का पांचवां सीजन UAE में 21 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच खेला जाएगा. इससे पहले 1 अक्टूबर को दुबई स्थित ICC एकेडमी इंडोर में प्लेयर ऑक्शन आयोजित किया जाएगा, जहां ILT20 की सभी 6 फ्रेंचाइजी अपनी टीमों को मजबूत करने के लिए उतरेंगी. 400 खिलाड़ियों में भारत की ओर से सिर्फ मुरुगन अश्विन ने ऑक्शन के लिए अपना नाम दिया है. मौजूदा भारतीय खिलाड़ियों को विदेशी टी20 लीग में खेलने की अनुमति नहीं होने के कारण वह नीलामी में शामिल होने वाले इकलौते भारतीय खिलाड़ी हैं.
विज्ञापन
वहीं, इस ऑक्शन में पाकिस्तान के कुल 17 खिलाड़ी शामिल होंगे. बाबर आजम के अलावा फखर जमान, नसीम शाह, उस्मान तारिक, हसन अली, शादाब खान, हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, सैम अयूब, खुशदिल शाह, माज सदाकत और साहिबजादा फरहान जैसे खिलाड़ियों पर भी बोली लगेगी.
🚨 DP WORLD ILT20 SEASON 5 PLAYER AUCTION UPDATE 🏆
– Faf Du Plessis, Babar, Banton, Salt, Hasaranga, Gurbaz Livingstone will be part of the auction.
80 हजार डॉलर की सबसे ऊंची कैटेगरी में शामिल ये खिलाड़ी
खिलाड़ियों को उनकी बेस प्राइस के आधार पर तीन कैटेगरी में रखा गया है. इनमें 80 हजार अमेरिकी डॉलर, 40 हजार अमेरिकी डॉलर और 10 हजार अमेरिकी डॉलर की बेस प्राइस शामिल है. बाबर आजम, फिल सॉल्ट, टॉम बेंटन, डेविड विली, फखर जमान, रहमानुल्लाह गुरबाज, उस्मान तारिक, जॉनी बेयरस्टो, मोईन अली, लियाम लिविंगस्टोन, अल्जारी जोसेफ, वानिंदु हसरंगा, फाफ डु प्लेसिस, तस्किन अहमद, एलेक्स हेल्स, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, फजलहक फारूकी, क्रिस वोक्स और दासुन शनाका को 80 हजार डॉलर वाली सबसे ऊंची बेस प्राइस कैटेगरी में रखा गया है.
विज्ञापन
इसके अलावा, जेडन सील्स, इब्राहिम जादरान, शादाब खान, तबरेज शम्सी, अविष्का फर्नांडो, हसन नवाज, शोरिफुल इस्लाम, माज सदाकत, कुसल परेरा, गुलबदीन नायब, क्रिस ग्रीन, आंद्रे फ्लेचर और हुनैन शाह जैसे खिलाड़ी भी ऑक्शन में अपनी किस्मत आजमाएंगे.
किस टीम के पास कितना पर्स?
ऑक्शन में हर फ्रेंचाइजी के पास 13 लाख अमेरिकी डॉलर का पर्स होगा. इसके अलावा, प्री-ऑक्शन साइनिंग के लिए तय 7 लाख डॉलर में से बची हुई राशि का इस्तेमाल भी टीम नीलामी में कर सकती है. MI एमिरेट्स के पास सबसे बड़ा पर्स होगा. उसके पास कुल 13 लाख 90 हजार डॉलर उपलब्ध हैं. अबू धाबी नाइट राइडर्स के पास 13 लाख 65 हजार डॉलर, जबकि डेजर्ट वाइपर्स और गल्फ जायंट्स के पास 13 लाख 5 हजार डॉलर की राशि होगी. वहीं, दुबई कैपिटल्स और शारजाह वॉरियर्ज ने प्री-ऑक्शन साइनिंग के लिए उपलब्ध पूरी 7 लाख डॉलर की राशि खर्च कर दी है. इसलिए दोनों टीमें ऑक्शन में 13 लाख डॉलर के पर्स के साथ उतरेंगी.
ILT20 फ्रेंचाइजी को UAE के किसी खिलाड़ी के लिए राइट टू मैच (RTM) विकल्प इस्तेमाल करने की अनुमति होगी. यह विकल्प उस UAE खिलाड़ी पर लागू किया जा सकता है, जो पिछले सीजन संबंधित फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुका हो या हाल ही में खत्म हुए ILT20 डेवलपमेंट टूर्नामेंट में उसी टीम का प्रतिनिधित्व कर चुका हो. ILT20 में हर फ्रेंचाइजी के स्क्वॉड में कम से कम 18 और अधिकतम 23 खिलाड़ी हो सकते हैं. प्रत्येक टीम में कम से कम 11 खिलाड़ी ICC फुल मेंबर देशों से होना जरूरी है. इन 11 खिलाड़ियों में कम से कम 4 अफगानिस्तान और कम से कम एक खिलाड़ी आयरलैंड का होना अनिवार्य है.
विज्ञापन
इसके अलावा, हर टीम में UAE के कम से कम चार खिलाड़ी, कुवैत का कम से कम एक और सऊदी अरब का कम से कम एक खिलाड़ी होना जरूरी है. UAE, कुवैत और सऊदी अरब के अलावा किसी अन्य ICC एसोसिएट देश का कम से कम एक खिलाड़ी टीम में रखना भी जरूरी होगा.