ICC Womens World Cup 2025 Points Table: 20 अक्टूबर को श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम और बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम के बीच वनडे विश्व कप 2025 में मुकाबला खेला गया. श्रीलंका ने 7 रनों से मुकाबला जीत लिया और बांग्लादेश को शिकस्त दी. इस मैच के बाद अंक तालिका का हाल बदल गया. हालांकि अभी भी टीम इंडिया के लिए खतरा बरकरार है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टक्कर होगी.
अंक तालिका में भारत और न्यूजीलैंड के बीच कड़ी टक्कर
महिला विश्व कप 2025 सेमीफाइनल में 9 अंक के साथ ऑस्ट्रेलिया क्वालीफाई कर चुकी है और पहले स्थान पर भी है. वहीं दूसरे नंबर पर 9 अंक के साथ अंक तालिका में इंग्लैंड, जबकि 8 अंक के साथ तीसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका की टीम है. ये तीनों टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं. भारत फिलहाल 4 अंक के साथ चौथे तो वहीं न्यूजीलैंड भी 4 अंक के साथ पांचवें नंबर पर है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला मुकाबला अहम होने वाला है. जीतने वाली टीम सेमीफाइनल के लिए दावा ठोकेगी. फिलहाल भारत को अभी भी खतरा है. एक हार टीम इंडिया के सपने को चकनाचूर कर सकती है.