Gautam Gambhir Angry On Morne Morkel: ऑस्ट्रेलिया के हाथों बॉर्डर-गावस्कर सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया के साथ सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। टीम के लगातार हारने पर सुनील गावस्कर सहित कई पूर्व क्रिकेटर्स कप्तान रोहित शर्मा और हेड कोच गौतम गंभीर से कड़े सवाल पूछ चुके हैं। बीसीसीआई इस समय इन्हीं मुद्दों को सुलझाने में बिजी है। इन सब मामलों के बीच यह बात निकलकर सामने आई है कि गंभीर और बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल के बीच ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान अनबन हो गई थी।
‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई के अधिकारियों को प्रैक्टिस सेशन के दौरान हुई इस घटना से अवगत करा दिया गया है, जिसे जल्द ही सुलझाए जाने की जरूरत है।’ पता चला है कि एक निजी मीटिंग की वजह से मोर्कल ट्रेनिंग में थोड़ा देरी से पहुंचे थे। इसको लेकर बीसीसीआई के सूत्र ने बताया, ‘गंभीर अनुशासन को लेकर बहुत सख्त हैं। उन्होंने मैदान पर ही मोर्केल को फटकार लगाई। बोर्ड को बताया गया है कि दौरे के बाकी दिनों में मोर्केल ने उनसे थोड़ी दूरी बना ली थी। टीम की बेहतरी के लिए दोनों को ही इस मुद्दे को सुलझाना होगा।’
सहयोगी स्टाफ पर BCCI रख रहा कड़ी नजर
यह भी पता चला है कि बीसीसीआई सहयोगी स्टाफ के प्रदर्शन पर कड़ी नजर रख रहा है और सीनियर खिलाड़ियों से उनके योगदान पर प्रतिक्रिया मांग रहा है। बता दें कि महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भी विराट कोहली के बार-बार एक ही तरह से आउट होने के बाद बैटिंग कोच की भूमिका पर सवाल उठाए थे।
सवालों के घेरे में अभिषेक नायर
सूत्र ने कहा, ‘बल्लेबाजी कोच अभिषेक नायर खास तौर पर सवालों के घेरे में हैं। गंभीर खुद एक बेहतरीन बल्लेबाज रहे हैं। बोर्ड ने खिलाड़ियों से नायर के इनपुट को लेकर सवाल पूछे हैं। इसी तरह असिस्टेंट कोच रेयान टेन डोशेट की भूमिका पर भी चर्चा हो रही है। अंतरराष्ट्रीय अनुभव की कमी और इंटरनेशनल क्रिकेटर के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में योगदान देने की उनकी क्षमता पर सवाल उठाए गए हैं।’ बीसीसीआई सहयोगी स्टाफ के कॉन्ट्रैक्ट को दो-तीन साल तक सीमित करने पर विचार कर रहा है। सूत्र ने कहा, ‘बोर्ड को लगता है कि कोचों द्वारा टीम के साथ बहुत समय बिताने के बाद वफादारी के मुद्दे सामने आते हैं।’