FIFA World Cup 2026 Prize Money: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह खिताबी मुकाबला भारतीय समयानुसार 20 जुलाई की रात 12:30 बजे शुरू होगा. सेमीफाइनल में लियोनेल मेसी की टीम अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल का टिकट कटाया है, जबकि स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई है.
अब दोनों टीमें खिताब के लिए एक-दूसरे से भिड़ेंगी और फैंस को एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलने वाला है. इस महामुकाबले में जीतने वाली टीम को चमचमाती ट्रॉफी के साथ करोड़ों की इनामी राशि भी मिलेगी, जबकि हारने वाली टीम पर भी पैसों की बारिश होगी. फाइनल से पहले आइए जानते हैं फीफा वर्ल्ड कप 2026 की प्राइज मनी की पूरी जानकारी.
---विज्ञापन---
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मिलेगी कितनी प्राइज मनी?
FIFA वर्ल्ड कप 2026 में पहली बार रिकॉर्ड 48 टीमों ने हिस्सा लिया. टीमों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ प्राइज मनी में भी लगभग 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई. 2022 में कतर में हुए फीफा वर्ल्ड कप में 727 मिलियन डॉलर यानी करीब 69,999 करोड़ रुपये प्राइज मनी रखी गई थी. लेकिन फीफा ने इस बार वर्ल्ड कप के लिए रिकॉर्ड 871 मिलियन डॉलर यानी करीब 83,866 करोड़ रुपये की प्राइज मनी रखी है, जो इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी प्राइज मनी है.
चैंपियन टीम को मिलेंगे कितने रुपये?
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल जीतने वाली टीम को 50 मिलियन डॉलर यानी करीब 481 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिलेगी. वहीं, उपविजेता टीम को 33 मिलियन डॉलर यानी लगभग 317 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे. इसके अलावा, तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 29 मिलियन डॉलर (करीब 279 करोड़ रुपये) और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 27 मिलियन डॉलर (करीब 259 करोड़ रुपये) मिलेंगे.
---विज्ञापन---
चैंपियन: 50 मिलियन डॉलर (करीब 481 करोड़ रुपये)
उपविजेता: 33 मिलियन डॉलर (करीब 317 करोड़ रुपये)
तीसरा स्थान: 29 मिलियन डॉलर (करीब 279 करोड़ रुपये)
फीफा ने सभी 48 टीमों को टूर्नामेंट शुरू होने से पहले तैयारी के लिए 2.5 मिलियन डॉलर की सहायता राशि भी दी थी. इसके अलावा, वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाली हर टीम को कम से कम 10 मिलियन डॉलर यानी करीब 96 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिलना तय है. यह राशि तैयारी के लिए दी गई रकम से अलग है. टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों के लिए भी अलग-अलग इनामी राशि तय की गई है और नॉकआउट तक पहुंचने वाली टीमों को भी बड़ा इनाम मिलेगा.
क्वार्टर फाइनल तक पहुंचकर बाहर होने वाली चारों टीमों को 19 मिलियन डॉलर मिलेंगे.
9वें से 16वें स्थान पर रहने वाली प्रत्येक टीम को 15 मिलियन डॉलर दिए जाएंगे.
17वें से 32वें स्थान तक रहने वाली टीमों को 11 मिलियन डॉलर मिलेंगे.
ग्रुप स्टेज से बाहर होने वाली टीमों को भी 10 मिलियन डॉलर की राशि मिलेगी.