Matheesha Pathirana: IPL 2026 से पहले सभी टीमों ने बदलाव करने का मन बना लिया है. 15 नवंबर को रिटेंशन लिस्ट आने से पहले CSK ने भी बड़ा फैसला किया और रवींद्र जडेजा को टीम से रिलीज कर राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसन को ट्रेड कर लिया. अब CSK एक और बड़ा फैसला करने वाली है. टीम, जडेजा के बाद अब एक और स्टार खिलाड़ी को निकालने की तैयारी में है.
अब इस खिलाड़ी को निकालने की तैयारी में CSK
जडेजा के बाद अब 5 बार की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को निकालने की तैयारी में है. क्रिकइंफो के मुताबिक पथिराना को CSK रिलीज कर सकती है. IPL 2025 से पहले CSK ने मथीशा को 13 करोड़ रुपये में रिटेन किया था. लेकिन अब पथिराना को CSK रिलीज करने का मन बना चुकी है.
22 साल के पथिराना ने CSK के लिए IPL 2025 में 12 मैचों में 13 विकेट लिए थे. इसके अलावा साल 2024 में उन्होंने 6 मैचों में 13 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया था. वहीं, साल 2023 में पथिराना ने CSK के लिए शानदार प्रदर्शन किया था और 12 मैच में 19 विकेट लिए थे. पथिराना अपनी सटीक लाइन लेंथ के लिए जाने जाते हैं. वह यॉर्कर गेंदबाजी करने में माहिर हैं. टीम को जब भी डेथ ओवर में किफायती गेंदबाजी की जरूरत होती है तो पथिराना इस पर खरे उतरते हैं.
खराब रहा है हालिया प्रदर्शन
पथिराना की बात करें तो उन्होंने एशिया कप 2025 में बांग्लादेश के खिलाफ एक ही मैच खेला था. इस दौरान उन्हें कोई भी विकेट नहीं मिला था. इससे पहले पथिराना ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच खेलते हुए 1 विकेट चटकाए थे. उन्होंने अब तक 15 वनडे मैच में 17 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया है. इसके अलावा 21 टी-20 मैच में उन्होंने 31 विकेट लिए हैं. वहीं IPL में अब तक उन्होंने कुल 4 सीजन खेला है. इस दौरान उन्होंने 47 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया है.