भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों न्यूजीलैंड के दौरे पर है. पांच मैचों की टी20 सीरीज के बाद दोनों देशों के बीच 4 नवंबर से वनडे सीरीज खेली जाएगी. इस सीरीज से पहले टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी युवराज सिंह ने भारतीय टीम के चयन को लेकर अपनी राय रखी है. उन्होंने अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को वनडे फॉर्मेट में नियमित मौके नहीं मिलने पर सवाल उठाए हैं. युवराज का मानना है कि इन युवा बल्लेबाजों को 50 ओवर के क्रिकेट में भी अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलना चाहिए.
युवराज ने अभिषेक और ईशान के समर्थन में कही बड़ी बात
युवराज सिंह ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत के दौरान कहा कि वह अभिषेक शर्मा को भारतीय वनडे टीम में खेलते हुए देखना चाहते हैं. उन्होंने ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी का नाम लेते हुए भी कहा कि इन खिलाड़ियों को वनडे फॉर्मेट में पर्याप्त मौके नहीं मिलना उनकी प्रतिभा के साथ सही नहीं है.
युवराज ने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो मैं अभिषेक शर्मा को वनडे क्रिकेट खेलते हुए देखना चाहूंगा. मैं पहले भी कह चुका हूं कि अगर हम ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों को 50 ओवर के फॉर्मेट में खेलने का मौका नहीं दे रहे हैं, तो कहीं न कहीं हम उनकी प्रतिभा के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं.”
हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि भारतीय टीम में जगह बनाना आसान नहीं है, क्योंकि देश के पास एक से बढ़कर एक खिलाड़ी मौजूद हैं. ऐसे में युवा क्रिकेटरों को अपनी जगह पक्की करने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ता है. युवराज को उम्मीद है कि मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए इन खिलाड़ियों को जल्द ही वनडे टीम में अवसर मिलेगा.
अभिषेक की सफलता के पीछे युवराज का भी रहा है योगदान
युवराज सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद युवा खिलाड़ियों को तैयार करने और उनकी बल्लेबाजी को बेहतर बनाने में जुटे रहे हैं. अभिषेक शर्मा भी उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिनकी प्रतिभा को निखारने में युवराज ने अहम भूमिका निभाई है.
अभिषेक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में अपने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने एक बार फिर साबित किया कि वह इस फॉर्मेट के बेहतरीन बल्लेबाजों में शामिल हैं. इसी प्रदर्शन के दम पर वह आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल करने में भी सफल रहे.