Shreyas Iyer Mana Wave: भारतीय टी20 टीम की कप्तानी संभालने के बाद श्रेयस अय्यर के लिए शुरुआत भले ही आसान नहीं रही, लेकिन अब उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर होता जा रहा है. कप्तानी के साथ-साथ वह बल्लेबाजी में भी अपनी छाप छोड़ रहे हैं. न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम ने टी20 सीरीज अपने नाम की और आखिरी मुकाबले में अय्यर ने बल्ले से भी शानदार योगदान दिया. उन्होंने मुश्किल परिस्थिति में उतरकर तेजी से रन बनाए और अर्धशतक पूरा किया. हालांकि, इस पारी से ज्यादा सुर्खियां उनके जश्न मनाने के खास अंदाज ने बटोरीं. फिफ्टी पूरी करने के बाद अय्यर ने ‘Mana Wave’ सेलिब्रेशन किया. उनका यह अंदाज देखकर फैंस के मन में सवाल उठने लगा कि आखिर इस इशारे का मतलब क्या है और इसकी शुरुआत कहां से हुई?
श्रेयस अय्यर ने किस अंदाज में मनाया जश्न?
न्यूजीलैंड के हैमिल्टन स्थित सेडन पार्क में सीरीज का पांचवां और आखिरी टी20 मुकाबला खेला गया. इस मैच में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और महज 19 रन के स्कोर पर दो बल्लेबाज पवेलियन लौट गए. ऐसे मुश्किल समय में श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी करने आए. उन्होंने आते ही आक्रामक रुख अपनाया और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया.
अय्यर ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए केवल 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. इस सीरीज में यह उनका पहला अर्धशतक था. फिफ्टी पूरी होते ही उन्होंने ऐसा जश्न मनाया, जिसने मैदान पर मौजूद दर्शकों के साथ टीवी पर मुकाबला देख रहे लोगों का भी ध्यान खींच लिया.
भारतीय कप्तान ने अपना दायां हाथ कंधे के पास रखा और फिर उसे तेजी से सामने की ओर उछाल दिया. उनका यह अंदाज किसी लहर को आगे बढ़ाने या हवा में कुछ फेंकने जैसा नजर आया. दरअसल, इसी खास इशारे को ‘Mana Wave’ कहा जाता है. न्यूजीलैंड में इस सेलिब्रेशन का सांस्कृतिक महत्व है.
क्या है ‘Mana Wave’ सेलिब्रेशन का मतलब और कहां से हुई शुरुआत?
‘Mana Wave’ का संबंध न्यूजीलैंड की माओरी संस्कृति से है. इसमें इस्तेमाल होने वाला ‘Mana’ शब्द माओरी भाषा का हिस्सा है. इसका अर्थ प्रतिष्ठा, सम्मान, अधिकार और आध्यात्मिक शक्ति से जुड़ा हुआ है. इस तरह यह इशारा केवल खुशी जाहिर करने का तरीका नहीं है, बल्कि इसके पीछे सम्मान और सांस्कृतिक पहचान की भावना भी जुड़ी हुई है.
यह कोई पारंपरिक खेल नियम या क्रिकेट से जुड़ा हुआ सेलिब्रेशन नहीं है. बल्कि न्यूजीलैंड में अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों के बीच लोकप्रिय हुआ एक आधुनिक इशारा है. खिलाड़ी इसके जरिए अपनी संस्कृति के प्रति जुड़ाव दिखाने के साथ दर्शकों के प्रति सम्मान भी जाहिर करते हैं.