विराट कोहली ने स्लिप में लपका हैरतअंगेज कैच, तोड़ा एमएस धोनी का बड़ा रिकॉर्ड, VIDEO वायरल

विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में दूसरी स्लिप पर एक हाथ से शानदार कैच पकड़कर एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया. 37 साल 364 दिन की उम्र में वह न्यूजीलैंड में कैच लेने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय खिलाड़ी बन गए. इस मुकाबले में अर्शदीप सिंह ने 4 और गुरनूर बरार ने 3 विकेट लेकर भारत को न्यूजीलैंड की पारी 185 रनों पर समेटने में मदद की.

विराट कोहली/ Image Source: Screengrab/ Sky Sports

विराट कोहली/ Image Source: Screengrab/ Sky Sports

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला गया. इस मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने गेंद और फील्डिंग दोनों से प्रभावित किया. कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जिसे तेज गेंदबाजों ने सही साबित कर दिया. भारतीय गेंदबाजों के सामने न्यूजीलैंड की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही और पूरी पारी 185 रनों पर सिमट गई. इस दौरान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने भी अपनी फील्डिंग से दर्शकों का ध्यान खींचा. रोहित ने शानदार रन आउट किया, जबकि कोहली ने स्लिप में ऐसा कैच लपका, जिसे देखकर मैदान पर मौजूद खिलाड़ी भी हैरान रह गए. इस एक कैच के साथ ही विराट ने एमएस धोनी का खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.

विज्ञापन

विराट कोहली ने धोनी को छोड़ा पीछे

न्यूजीलैंड की पारी के 29वें ओवर में विराट कोहली का बेहतरीन फील्डिंग कौशल देखने को मिला. अंशुल कंबोज गेंदबाजी कर रहे थे और उनके ओवर की तीसरी गेंद पर नेथन स्मिथ ने शॉट खेलने की कोशिश की. गेंद बल्ले का किनारा लेकर दूसरी स्लिप की दिशा में चली गई. वहां तैनात कोहली ने बिना कोई गलती किए अपने दाईं ओर छलांग लगाई और एक हाथ से शानदार कैच पकड़ लिया.

विज्ञापन

कैच लेने के बाद कोहली खुद भी कुछ पल के लिए हैरान नजर आए. हालांकि, अगले ही पल उन्होंने जोरदार अंदाज में जश्न मनाना शुरू कर दिया. वह काफी उत्साह में गेंद लेकर अंपायर की तरफ दौड़े. इसके बाद तीसरे अंपायर ने रिप्ले देखने के बाद कैच को पूरी तरह सही करार दिया और नेथन स्मिथ को पवेलियन लौटना पड़ा.

इस विकेट के साथ ही विराट कोहली ने न्यूजीलैंड की धरती पर एक खास उपलब्धि हासिल कर ली. वह न्यूजीलैंड में वनडे क्रिकेट में कैच पकड़ने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने पूर्व कप्तान एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया. धोनी ने 37 साल और 218 दिन की उम्र में न्यूजीलैंड में कैच पकड़ा था, जबकि कोहली ने 37 साल और 364 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की.

विज्ञापन

अर्शदीप और गुरनूर ने गेंद से मचाया धमाल

इस मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन भी शानदार रहा. शुभमन गिल ने चार तेज गेंदबाजों को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया था और उनका यह फैसला काफी कारगर साबित हुआ. अर्शदीप सिंह ने 10 ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए. वहीं गुरनूर बरार ने भी अपनी गेंदों से कीवी बल्लेबाजों को परेशान किया और 3 विकेट हासिल किए.

इसके अलावा अंशुल कंबोज ने 2 बल्लेबाजों को आउट किया. आकिब नबी भले ही विकेट हासिल नहीं कर सके, लेकिन नई गेंद से उन्होंने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Alsaba Zaya

Alsaba Zaya

झारखंड के हुसैनाबाद के अलसबा जया न्यूज 24 में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. खेल पत्रकारिता में लगभग 4 साल का अनुभव रखने वाले अलसबा ने अब तक क्रिकेट के कई बड़े टूर्नामेंट कवर किए हैं. उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत स्पोर्ट्सविकी के साथ की. इसके बाद वह सितंबर 2024 से न्यूज 24 का हिस्सा हैं. उन्होंने अपने करियर में वनडे वर्ल्ड कप 2023, आईपीएल 2023, टी-20 वर्ल्ड कप 2024, आईपीएल 2024, पेरिस ओलंपिक 2024, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025, आईपीएल 2025, महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025, टी-20 वर्ल्ड कप 2026, आईपीएल 2026 जैसे बड़े टूर्नामेंट कवर किए हैं. क्रिकेट के अलावा उन्हें फुटबॉल और हॉकी पर भी लिखना पसंद है. साल 2022 में उन्होंने आईआईएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज ग्रेटर नोएडा से पत्रकारिता में BJMC की डिग्री हासिल की. इसके बाद उन्होंने कई संस्थानों के लिए कंसल्टेंट के रूप में भी काम किया. अलसबा ने न्यूज 24 के लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी, लक्ष्मी रतन शुक्ला का इंटरव्यू किया है. अलसबा खुद भी एक प्रोफेशनल क्रिकेटर रह चुके हैं. उन्होंने झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) की ओर से आयोजित अंडर-19 टूर्नामेंट खेला है. वहीं, दिल्ली स्थित सोनट क्रिकेट क्लब में भी वह कोच दिवंगत तारक सिन्हा की अगुवाई में ट्रेनिंग ले चुके हैं.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ