IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की टी-20 सीरीज शुरू हो चुकी है. सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है. पहली बार किसी भारतीय इंटरनेशनल मुकाबले से पहले राष्ट्रगान से पहले वंदे मातरम् बजाया गया. इस वजह से मुकाबला निर्धारित समय से लगभग 4 मिनट देरी के साथ शुरू हुआ.
फैंस रह गए हैरान
आमतौर पर क्रिकेट मैच से पहले राष्ट्रगान बजता है. लेकिन भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे मुकाबले से पहले राष्ट्रगान से पहले वंदे मातरम् बजाया गया. यह देखकर लोग थोड़ी के लिए हैरान हुए, क्योंकि पहली बार भारतीय अंतरराष्ट्रीय मैच में ऐसी व्यवस्था लागू की गई.
भारतीय प्लेइंग 11 में वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं मिला है. उम्मीद थी कि वह भारतीय सरजमीं पर अपना पहला टी-20आई मैच खेलेंगे. लेकिन उन्हें प्लेइंग 11 से बाहर रखा गया. ऐसे में सलामी जोड़ी के रूप में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा दिखाई देंगे. भारत ने इस मैच में फिलहाल अपनी पकड़ मजबूत कर ली है. भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती 10 ओवर में अपनी गेंदबाजी से कहर बरपाया और अफगानिस्तान को घुटनों पर ला दिया.
भारतीय टीम ने किया गेंदबाजी का फैसला
भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. भारत ने पहले 10 ओवर का खेल अपने नाम कर लिया और अफगानिस्तान के 5 बल्लेबाजों को आउट कर दिया.
अफगानिस्तान के टॉप-5 बल्लेबाज खासा प्रभावित नहीं कर सके और सस्ते में ही पवेलियन लौट गए. रहमानउल्लाह गुरबाज का खाता नहीं खुला. इसके अलावा कप्तान इब्राहिम जादरान ने 10 गेंदों में 11 रनों की पारी खेली. वहीं, सेदिकुल्लाह अटल ने 13 गेंदों में 13 रन बनाए. गुलबदिन नायब 6 गेंदों में 2 रन बनाकर आउट हुए. इसके अलावा दरवेश रसूल 6 गेंदों में 2 रन बनाकर चलते बने.
भारत की ओर से अब तक जसप्रीत बुमराह ने 1 विकेट लिए हैं. इसी के साथ उन्होंने अपने 350 टी-20 विकेट भी पूरे किए. वहीं, अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती को भी 1-1 सफलता मिल चुकी है. अफगानिस्तान की हालत खराब दिख रही है.
भारत की प्लेइंग 11
संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती.
अफगानिस्तान की प्लेइंग 11
इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सिद्दिकुल्लाह अटल, दरवेश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नैब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, फजलहक फारूकी.