Vaibhav Sooryavanshi: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जाने वाली 3 मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला आज यानी 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. इस सीरीज के लिए वैभव सूर्यवंशी को भी भारतीय टीम का हिस्सा बनाया गया है. ऐसे में अगर वैभव प्लेइंग 11 में शामिल होते हैं तो वह सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ देंगे. दिल्ली की धरती वैभव के लिए यादगार बन जाएगी.
वैभव सूर्यवंशी इतिहास रचने की दहलीज पर
वैभव सूर्यवंशी भारत के लिए टी-20आई डेब्यू इंग्लैंड की धरती पर जुलाई 2026 में ही कर चुके हैं. उन्होंने उस समय भी सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा था और भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बने थे. लेकिन भारतीय सरजमीं पर उन्होंने अभी तक टी-20आई डेब्यू नहीं किया है.
ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरते ही वैभव सूर्यवंशी भारत में इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले फुल मेंबर साइड के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे. फिलहाल ये कारनामा सचिन ने किया है, जब उन्होंने भारतीय सरजमीं पर पर 17 साल की उम्र में टीम इंडिया के लिए पहली बार खेला था. सचिन ने अपना पहला मैच श्रीलंका के खिलाफ खेला था.
नबी सबसे उम्रदराज खिलाड़ी
भारत के खिलाफ होने वाली 3 मैचों की टी-20 सीरीज में मोहम्मद नबी को अफगानिस्तान के दल में जगह मिली है. मोहम्मद नबी पहले से ही भारतीय सरजमीं पर टी-20आई खेलने वाले फुल मेंबर टीम के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं. वह 41 साल के हैं. नबी लगातार अपने देश के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं.
श्रेयस अय्यर के सामने चुनौती
श्रेयस अय्यर ने अब तक अपनी कप्तानी में भारत के लिए 3 टी-20 सीरीज खेली है, जिसमें 2 सीरीज में लगातार टीम को हार का सामना करना पड़ा है, जबकि 1 सीरीज भारत ने जीती है.
आयरलैंड के खिलाफ खेली गई 2 मैचों की टी-20 सीरीज में भारत को 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई 5 मैचों की टी-20 सीरीज में भारत को 0-4 से हार का सामना करना पड़ा. एक मैच बारिश की वजह से रद्द हुआ था. इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पहली सीरीज जीती थी.
ऐसे में अब अफगानिस्तान के खिलाफ भी श्रेयस अय्यर को कड़ी चुनौती मिलने वाली है. वह अपना पूरा दमखम लगाकर सीरीज जीतना चाहेंगे. वह भी भारतीय सरजमीं पर टीम इंडिया की कप्तानी पहली बार करेंगे.