IND vs NZ 1st ODI: टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को पहले वनडे मैच में 4 विकेट से हराया. कीवी टीम से मिले 301 रनों के लक्ष्य को भारतीय टीम ने 6 विकेट खोकर हासिल किया. विराट कोहली का बल्ला एक बार फिर जमकर गरजा और उन्होंने 93 रनों की शानदार पारी खेली.
वहीं, कप्तान शुभमन गिल भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 56 रनों की दमदार पारी खेली. श्रेयस अय्यर ने भी 49 रनों का योगदान दिया. अंतिम ओवरों में केएल राहुल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 29 जड़े और सिक्स लगाकर टीम को जीत दिलाई. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है.
टीम इंडिया ने किया जीत के साथ आगाज
न्यूजीलैंड से मिले 301 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. रोहित शर्मा ने आगाज को दमदार अंदाज में किया, लेकिन वह 26 रन बनाने के बाद चलते बने. हालांकि, इसके बाद शुभमन गिल और विराट कोहली ने मोर्चा संभाला और शतकीय साझेदारी निभाई. कप्तान गिल ने 71 गेंदों में 56 रनों की दमदार पारी खेली. कैप्टन के पवेलियन लौटने के बाद विराट ने उपकप्तान श्रेयस अय्यर संग मिलकर तीसरे विकेट के लिए 77 रन जोड़े. कोहली अपना शतक पूरा नहीं कर सके और 91 गेंदों में 93 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे. विराट ने अपनी इस पारी में 8 चौके और एक सिक्स जमाया.
जडेजा बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुए. अय्यर अर्धशतक से एक रन दूर रह गए और 4 रन बनाकर चलते बने. भारतीय टीम ने एक समय पर 7 गेंदों के अंदर अपने 3 अहम विकेट गंवा दिए और न्यूजीलैंड पूरी तरह से हावी दिख रही थी. हालांकि, हर्षित राणा ने 23 गेंदों में 29 और केएल राहुल द्वारा खेली गई नाबाद 29 रनों की इनिंग के दम पर टीम इंडिया पहले वनडे में बाजी मराने में सफल रही.
डेरिल मिचेल ने खेली दमदार इनिंग
इससे पहले न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोर बोर्ड पर 8 विकेट खोकर 300 रन लगाए. टीम की तरफ से डेरिल मिचेल ने 84 रन जड़े, तो डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स ने अर्धशतकीय पारी खेली. गेंदबाजी में भारत की ओर से मोहम्मद सिराज और हर्षित राणा ने 2-2 विकेट अपने नाम किए.