हर्ष दुबे बने संकटमोचक, सुयश की फिरकी का चला जादू, ओमान को धूल चटाकर टीम इंडिया ने कटाया सेमीफाइनल का टिकट

India-A vs Oman: हर्ष दुबे की शानदार बल्लेबाजी के बूते टीम इंडिया ने राइजिंग सुपरस्टार्स एशिया कप 2025 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. एकतरफा मुकाबले में भारतीय टीम ने ओमान को 6 विकेट से धूल चटाई. सुयश शर्मा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 12 रन देकर 2 विकेट चटकाए.

Team India

Team India

India-A vs Oman: टीम इंडिया-ए ने राइजिंग सुपरस्टार्स एशिया कप 2025 के सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है. ओमान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने 6 विकेट से मैदान मारा. पहले बल्लेबाजी करते हुए ओमान की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 135 रन ही लगा सकी.

विज्ञापन

गेंदबाजी में भारत की ओर से सुयश शर्मा ने बेहतरीन स्पेल डाला. इसके बाद बैटिंग ऑर्डर में प्रमोट किए गए हर्ष दुबे ने अपने ऊपर जताए गए भरोसे को एकदम सही साबित करके दिखाया. हर्ष टीम के लिए संकटमोचक साबित हुए और उन्होंने जोरदार अर्धशतक जमाते हुए टीम को करो या मरो मुकाबले में जीत दिलाई.

विज्ञापन

टीम इंडिया ने कटाया सेमीफाइनल का टिकट

136 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही. प्रियांश आर्या 6 गेंदों में 2 चौके की मदद से 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे. हालांकि, हर किसी को सबसे ज्यादा उम्मीदें वैभव सूर्यवंशी से थी, जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ भी ताबड़तोड़ पारी खेली थी. मगर करो या मरो मैच में वैभव फैन्स का दिल तोड़ गए. 14 वर्षीय बैटर ओमान के खिलाफ बिल्कुल भी लय में दिखाई नहीं दिए. 13 गेंदों का सामना करने के बाद वैभव सिर्फ 12 रन ही बना सके. नमन धीर 19 गेंदों में 30 रन बनाने के बाद चलते बने.

विज्ञापन

नंबर चार पर बैटिंग करने के लिए भेजे गए हर्ष दुबे एक छोर संभालकर खड़े रहे और उन्होंने नेहल वढेरा के साथ मिलकर 66 रन जोड़े. नेहल 23 रन बनाकर आउट हुए. हालांकि, हर्ष क्रीज पर डटे रहे और उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने 44 गेंदों का सामना करते हुए 53 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम को जीत दिलाकर लौटे.

सुयश शर्मा ने बरपाया कहर

इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए ओमान की टीम को 20 ओवर में 135 रनों के स्कोर पर रोका. टॉस गंवाने के बाद ओमान की शुरुआत जबरदस्त रही और करन और कप्तान हम्माद मिर्जा ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 4 ओवर में 37 रन जोड़े. हम्माद को 32 रनों के स्कोर पर विजयकुमार वैशाक ने पवेलियन की राह दिखाई. इसके बाद करन भी 12 रन बनाकर चलते बने. वसीम अली ने 45 गेंदों में 54 रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका. सुयश शर्मा ने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 12 रन देकर 2 विकेट अपनी झोली में डाले.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ