Smriti Mandhana: भारतीय महिला क्रिकेट में स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल की जोड़ी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. दोनों बल्लेबाज अब महिला वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन जोड़ने वाली जोड़ी बन गई हैं. जिम्बाब्वे के खिलाफ वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे मैच में इस जोड़ी ने यह खास रिकॉर्ड अपने नाम किया. मुकाबले से पहले मंधाना और प्रतिका को भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज और हरमनप्रीत कौर का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए सिर्फ 94 रनों की जरूरत थी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 15.3 ओवर में 94 रन जोड़कर नया इतिहास रच दिया.
इस साझेदारी के साथ ही स्मृति और प्रतिका ने मिताली राज तथा हरमनप्रीत कौर के लंबे समय से कायम रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. दोनों के बीच अब तक वनडे की 27 पारियों में 1,979 रन की साझेदारी हो चुकी है. इस दौरान उनका औसत 73.29 रहा है. दोनों ने मिलकर सात शतकीय और 10 अर्धशतकीय साझेदारियां की हैं.
महज 27 पारियों में बनाया नया रिकॉर्ड
इससे पहले महिला वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा साझेदारी रन बनाने का रिकॉर्ड मिताली राज और हरमनप्रीत कौर के नाम था. दोनों ने साथ खेलते हुए 56 पारियों में 1,978 रन जोड़े थे. इस दौरान उनकी औसत 38.03 रही थी. उनके नाम एक शतकीय और 17 अर्धशतकीय साझेदारियां दर्ज थीं. अब स्मृति और प्रतिका ने एक रन अधिक बनाकर इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है.
भारत की महिला वनडे क्रिकेट में कई अन्य जोड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है. इस सूची में अंजुम चोपड़ा और मिताली राज की जोड़ी भी शामिल है. दोनों ने 57 पारियों में 1,946 रन बनाए थे. उनके बीच पांच शतकीय और आठ अर्धशतकीय साझेदारियां हुई थीं.
वहीं, मिताली राज और पूनम राउत ने 34 पारियों में 1,645 रन जोड़े थे. इस जोड़ी ने सात शतक और छह अर्धशतक लगाए थे. इसके अलावा स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर ने भी एक साथ बल्लेबाजी करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया है. दोनों ने 25 पारियों में 1,484 रन बनाए, जिसमें छह शतकीय और तीन अर्धशतकीय साझेदारियां शामिल हैं.
महिला वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा साझेदारी रन बनाने वाली जोड़ियां
स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल – 27 पारियों में 1,979 रन, 7 शतक और 10 अर्धशतक.
हरमनप्रीत कौर और मिताली राज – 56 पारियों में 1,978 रन, 1 शतक और 17 अर्धशतक.
अंजुम चोपड़ा और मिताली राज – 57 पारियों में 1,946 रन, 5 शतक और 8 अर्धशतक.
मिताली राज और पूनम राउत – 34 पारियों में 1,645 रन, 7 शतक और 6 अर्धशतक.
हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना – 25 पारियों में 1,484 रन, 6 शतक और 3 अर्धशतक.