रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप सी में महाराष्ट्र की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बंगाल को उसी के घर में 10 विकेट से हरा दिया. ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में महाराष्ट्र ने बंगाल की लगातार तीन जीत का सिलसिला भी खत्म कर दिया. इस जीत के हीरो पृथ्वी शॉ रहे, जिन्होंने दूसरी पारी में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद अर्धशतक लगाया. उनके अलावा सचिन धस ने भी बेहतरीन पारी खेलकर टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचाया.
बंगाल ने महाराष्ट्र के सामने जीत के लिए 112 रनों का लक्ष्य रखा था. जवाब में महाराष्ट्र ने बिना कोई विकेट गंवाए महज 19.4 ओवर में 114 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया. पृथ्वी शॉ ने 50 गेंदों पर नाबाद 53 रन बनाए. उनकी पारी में तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे. वहीं, सचिन धस ने 68 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 61 रन बनाए और 10 बाउंड्री लगाईं.
पृथ्वी शॉ ने अर्धशतक लगाकर की फॉर्म में वापसी
पृथ्वी शॉ के लिए यह पारी काफी मायने रखती है, क्योंकि इस सीजन उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था. उन्होंने सर्विसेज के खिलाफ 70 रन बनाकर टूर्नामेंट की अच्छी शुरुआत की थी. हालांकि, इसके बाद झारखंड के खिलाफ उनके बल्ले से 21 रन निकले. गुजरात के खिलाफ वह दोनों पारियों में 17 और शून्य के स्कोर पर आउट हो गए थे.
बंगाल के खिलाफ पहली पारी में भी शॉ केवल 12 रन बना सके थे और मोहम्मद शमी ने उन्हें पवेलियन भेज दिया था. ऐसे में दूसरी पारी में उनकी नाबाद 53 रनों की पारी टीम के लिए तो अहम रही ही, साथ ही इससे उनके आत्मविश्वास को भी मजबूती मिलेगी.
महाराष्ट्र के गेंदबाजों ने रखी जीत की मजबूत नींव
महाराष्ट्र की जीत का रास्ता उसके गेंदबाजों ने पहली पारी में ही तैयार कर दिया था. टीम ने बंगाल को पहली पारी में सिर्फ 143 रनों पर समेट दिया. इसके बाद महाराष्ट्र ने तनाय सांघवी की नाबाद 60 रनों की पारी की मदद से 218 रन बनाए और पहली पारी में 75 रनों की बढ़त हासिल कर ली.
बंगाल की ओर से मोहम्मद शमी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 37 रन देकर चार विकेट चटकाए. वहीं, शाहबाज अहमद को तीन सफलताएं मिलीं.
दूसरी पारी में बंगाल ने मुकाबले में वापसी करने की कोशिश की. अभिषेक पोरेल ने 65 और सुमंता गुप्ता ने 59 रनों का योगदान दिया. हालांकि, प्रदीप दाधे और हितेश वालुंज की गेंदबाजी के सामने बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके. दोनों गेंदबाजों ने चार-चार विकेट हासिल किए और बंगाल की दूसरी पारी 186 रनों पर समेट दी.