पाकिस्तान की फील्डिंग का फिर उड़ा मजाक, 3 खिलाड़ियों के बीच गिरी आसान कैच वाली गेंद
अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की फील्डिंग में बड़ी चूक देखने को मिली. काव्य पटेल के शॉट पर गेंद हवा में गई, लेकिन गेंदबाज मोहम्मद सय्याम, विकेटकीपर हमजा जहूर और उस्मान खान के बीच तालमेल नहीं बना और आसान कैच छूट गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और फैंस पाकिस्तानी खिलाड़ियों के खूब मजे ले रहे हैं.
IND vs PAK: पाकिस्तान की फील्डिंग में एक बार फिर ऐसी चूक देखने को मिली, जिसने मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों को भी हैरान कर दिया. अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत के खिलाफ मुकाबले के दौरान पाकिस्तानी टीम के तीन खिलाड़ी एक आसान कैच लेने के लिए गेंद के नीचे पहुंचे, लेकिन इसके बावजूद किसी ने उसे पकड़ने की जिम्मेदारी नहीं ली. नतीजा यह हुआ कि गेंद तीनों के बीच जमीन पर गिर गई. इस मजेदार घटना का वीडियो अब चर्चा का विषय बन गया है.
विज्ञापन
पाक का उड़ा मजाक
भारत की पारी के आखिरी ओवरों में काव्य पटेल के बल्ले का टॉप एज लगने के बाद गेंद काफी ऊंचाई पर चली गई थी. इसे पकड़ने के लिए गेंदबाज मोहम्मद सय्याम, विकेटकीपर हमजा जहूर और उस्मान खान एक ही जगह पहुंच गए. तीनों खिलाड़ी कैच लेने की स्थिति में थे, लेकिन आपसी तालमेल की कमी के कारण कोई भी गेंद की तरफ आगे नहीं बढ़ा. सभी एक-दूसरे का चेहरा देखते रह गए और गेंद सीधे जमीन पर जा गिरी.
इस घटना को देखकर भारतीय बल्लेबाज काव्य पटेल और ईशान सूद भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए. वहीं, गेंदबाज मोहम्मद सय्याम इस चूक से काफी नाराज दिखाई दिए. वह अपने साथी खिलाड़ियों पर गुस्सा जाहिर करते नजर आए. इतने बड़े मुकाबले में इस तरह की फील्डिंग ने पाकिस्तान की टीम को एक बार फिर सवालों के घेरे में ला दिया.
भारत की पारी के दौरान हुई मजेदार चूक
भारत और पाकिस्तान के बीच इस मुकाबले में टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी कर रही थी. टॉस जीतकर उतरी भारतीय टीम ने अर्जुन राजपूत के शानदार शतक की मदद से 208 रन बनाए. अर्जुन ने 85 गेंदों पर 107 रन की पारी खेली थी.
विज्ञापन
पारी के 45वें ओवर में मोहम्मद सय्याम गेंदबाजी कर रहे थे. इसी दौरान काव्य पटेल ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर हवा में चली गई. गेंद को आसानी से पकड़ा जा सकता था, मगर तीन पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बीच तालमेल नहीं बन पाया. तीनों के गेंद के नीचे पहुंचने के बावजूद कैच छूट गया.
शोएब मलिक और सईद अजमल की याद आई
पाकिस्तानी खिलाड़ियों की इस गलती ने क्रिकेट फैंस को पुरानी एक घटना की याद दिला दी. इससे पहले शोएब मलिक और सईद अजमल के बीच भी इसी तरह का तालमेल देखने को मिला था, जब दोनों खिलाड़ी कैच लेने के चक्कर में एक-दूसरे का इंतजार करते रह गए थे.
विज्ञापन
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क ने भी इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया. इसके साथ कैप्शन में लिखा, ‘पहले आप-पहले आप थोड़ा भारी पड़ गया.’ वीडियो सामने आने के बाद भारतीय फैंस ने पाकिस्तान की फील्डिंग को लेकर खूब मजे लिए. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे पाकिस्तानी टीम की पुरानी कमजोरी से जोड़कर प्रतिक्रियाएं दीं.