IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच हेगले ओवल में खेला गया दूसरा टी20 मुकाबला आखिरी ओवरों तक रोमांच से भरा रहा. 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक समय हार की ओर बढ़ती दिखाई दे रही थी. 15वें ओवर में 112 रन तक छह विकेट गिरने के बाद टीम इंडिया के लिए जीत हासिल करना आसान नहीं था. हालांकि, तिलक वर्मा और नितीश कुमार रेड्डी ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी की और मुकाबले का नतीजा भारत के पक्ष में कर दिया. इस हार के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने भारतीय खिलाड़ियों की तारीफ की और माना कि उनकी टीम जीत के करीब पहुंचकर भी मुकाबला अपने हाथ से गंवा बैठी.
मिचेल सैंटनर ने बताई हार की वजह
मैच के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान ने कहा कि भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खेलते समय हर छोटी गलती भारी पड़ सकती है. उन्होंने तिलक वर्मा, नमन धीर और नितीश कुमार रेड्डी की बल्लेबाजी को जीत का बड़ा कारण बताया. सैंटनर के मुताबिक, अगर उनकी टीम उस मुश्किल समय में एक और विकेट हासिल कर लेती, तो मुकाबले का नतीजा अलग हो सकता था.
उन्होंने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों ने लक्ष्य का पीछा करते हुए जिस तरह संयम बनाए रखा, वह काबिलेतारीफ था. आखिरी ओवरों में उन्होंने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और टीम को वापसी का मौका नहीं दिया.
सैंटनर ने यह भी माना कि न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने मुकाबले की शुरुआत अच्छी की थी. 180 रन बनाने के बाद टीम को उम्मीद थी कि वह इस स्कोर का बचाव कर लेगी. बीच के ओवरों में गेंदबाजों ने विकेट निकालकर भारत को मुश्किल में भी डाल दिया था. लेकिन नो-बॉल पर विकेट गंवाने जैसे मौकों और फील्डिंग में हुई छोटी गलतियों ने टीम की परेशानी बढ़ा दी. उन्होंने माइकल ब्रेसवेल की गेंदबाजी की भी सराहना की.
फिलिप्स और जैकब्स की साझेदारी से मिली मजबूती
न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी पर बात करते हुए सैंटनर ने ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स की साझेदारी को अहम बताया. शुरुआती तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद दोनों बल्लेबाजों ने पारी को संभाला और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
सैंटनर ने कहा कि शुरुआत में रन बनाने में परेशानी हुई, लेकिन बल्लेबाजों ने पिच को समझने के बाद तेजी से रन जुटाए. फिलिप्स ने लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक लगाया, जबकि जैकब्स ने भी अर्धशतकीय पारी खेली. दोनों के बीच हुई 116 रनों की साझेदारी ने न्यूजीलैंड को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. इसके बाद माइकल ब्रेसवेल ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाकर टीम को 180 के स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया.