Virandeep Singh: एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट की प्रतिस्पर्धा शुरू हो चुकी है. मलेशिया और हांगकांग के बीच मुकाबला खेला गया. इस मैच में मलेशिया ने हांगकांग को हराकर 8 विकेट से जीत हासिल कर ली. मलेशिया की ओर से वीरनदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम रोल प्ले किया. अब वह टी-20आई के एसोसिएट देशों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. इसके अलावा उन्होंने रोहित शर्मा, विराट कोहली और बाबर आजम के क्लब में एंट्री मारी है.
वीरनदीप सिंह ने रचा इतिहास
आईसीसी के एसोसिएट देशों में वीरनदीप सिंह 3500 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए. वहीं ओवरऑल टी-20आई में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वीरनदीप ने सातवां स्थान हासिल किया.
टी-20 आई में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बाबर आजम हैं. उन्होंने 136 पारियों में 4596 रन बनाए हैं. जोस बटलर 4384 रनों के साथ दूसरे नंबर पर हैं. रोहित शर्मा 4231 रनों के साथ तीसरे और चौथे नंबर पर किंग कोहली हैं, जिन्होंने 4188 रन बनाए हैं. आयरलैंड के पॉल स्टार्लिंग 3895 रनों के साथ पांचवें नंबर पर हैं, जबकि मार्टिन गुप्टिल ने 3531 रन बनाए हैं और वह छठे खिलाड़ी हैं. इसके अलावा अब सातवें स्थान पर कब्जा वीरनदीप सिंह ने जमा लिया है. उन्होंने 118 पारियों में 3515 रन बनाए हैं.
कौन हैं वीरनदीप सिंह?
वीरनदीप सिंह भारतीय मूल के हैं, लेकिन मलेशिया की ओर से खेलते हैं. उनके छोटे भाई भी पवनदीप सिंह भी मलेशिया का प्रतिनिधित्व करते हैं. दोनों भाई फिलहाल जापान में एशियन गेम्स 2026 में भाग ले रहे हैं.
साल 20219 में वीरनदीप ने मलेशिया के लिए डेब्यू किया. हालांकि अपने पहले मैच ही वह 0 पर आउट हो गए थे. इसके अगले ही मैच में उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली. साल 2022 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और सीजन में खूब रन बनाए. उन्होंने 669 रन बनाए थे. वहीं, साल 2023 में भी वीरनदीप सिंह ने खूब रन बनाए और 669 रनों के साथ सीजन का अंत किया. इसी साल ही उन्होंने अपने करियर का पहला शतक भी बनाया था.
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए हांगकांग ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाए थे, जिसके जवाब में मलेशिया ने 12 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 84 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया. मलेशिया ने 8 विकेट से बाजी मारी. वीरदीप सिंह ने इस मैच में 32 गेंदों में 32 रनों की नाबाद पारी खेली थी.