Harmanpreet Kaur: भारतीय वुमेंस क्रिकेट की दिग्गज खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर ने आज एक बड़ा फैसला लिया. उन्होंने टेस्ट, वनडे और टी-20 कप्तानी से इस्तीफा दे दिया. सोशल मीडिया पर उन्होंने भावुक पोस्ट डालकर सभी को इस बात की जानकारी प्रदान की. उन्होंने क्लियर कर दिया कि वो अब टीम की अगुवाई नहीं करने वाली हैं. अच्छी बात ये है कि बतौर खिलाड़ी उनका एक्शन मैदान पर जारी रहेगा. हरमनप्रीत का करियर बढ़िया रहा है. बतौर कप्तान भी उन्होंने कई उपलब्धियां हासिल की हैं. 14 साल उन्होंने कप्तानी की. हरमनप्रीत ने टी20 में पहली बार कप्तानी 2012 में, वनडे में 2013 में और टेस्ट में 2023 में की थी. वनडे और टी20 में हरमनप्रीत शुरुआत में स्थाई कप्तान नहीं थीं. 2016 में वो टी20 की और 2022 में वो वनडे की स्थाई कप्तान बनीं.
बतौर कप्तान हरमनप्रीत कौर को मिली सफलता
बतौर कप्तान हरमनप्रीत कौर का दबदबा रहा. उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने 2022 और 2026 में एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल अपने नाम किया. उनकी अगुवाई में भारत ने 4 बार वुमेंस एशिया कप (2012, 2016, 2022 और 2026) अपने नाम किया. भारत ने 2025 में पहला वनडे वर्ल्ड कप भी उनकी कप्तानी में जीता.
कप्तानी में रिकॉर्ड है काफी अच्छा
हरमनप्रीत कौर पूरे वर्ल्ड क्रिकेट में एकमात्र ऐसी खिलाड़ी हैं जिन्होंने 155 टी20 इंटरनेशनल मैचों में टीम की कप्तानी की है. उनके अलावा दूसरा कोई भी खिलाड़ी ये कारनामा नहीं कर पाया है. उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने 94 मैचों में जीत हासिल की है. वहीं 54 मैचों में हार का सामना करना पड़ा. अन्य सात मुकाबलों का नतीजा नहीं निकल पाया. उनकी जीत का प्रतिशत 60.64 का रहा. इन आंकड़ों से आप समझ सकते हैं कि अपनी कप्तानी में उन्होंने टीम इंडिया को कितनी सफलता दिलाई.
वनडे और टेस्ट में भी दिखाया दम
वनडे में भारत की टीम काफी मजबूत है और इसका श्रेय हरमनप्रीत कौर को ही जाता है. हरमनप्रीत ने कुल 51 वनडे मैचों में कप्तानी की है. 33 मैचों में भारत को जीत मिली.16 मैचों में हार का सामना करना पड़ा. 2 मुकाबलों का नतीजा नहीं निकल पाया. उनकी जीत का प्रतिशत 64.70 का रहा है. वनडे में उनकी कप्तानी में टीम ने बड़े मुकाबले अपने नाम किए. हरमनप्रीत ने 8 टेस्ट मैचों में टीम इंडिया को लीड किया है. भारत ने 4 मैचों में एकतरफा जीत हासिल की. 3 मुकाबले ड्रा रहे और 1 मैच में हार का सामना करना पड़ा.
करियर रहा है जबरदस्त
हरमनप्रीत कौर का इंटरनेशनल करियर शानदार रहा है. उन्होंने बड़ी पारियां खेली हैं. उनके नाम 8 टेस्ट मैचों में 304 रन हैं. वो अभी तक 164 वनडे मैच खेल चुकी हैं. उन्होंने 4541 रन बनाए हैं. उनके नाम 7 शतक और 24 अर्धतशतक हैं. उन्होंने 210 टी20 मैच खेले हैं और 4346 रन बनाए हैं. टी20 में वो एक शतक और 18 अर्धशतक लगा चुकी हैं. अपने इंटरनेशनल करियर में वो 9 हजार से ज्यादा रन बना चुकी हैं.