Jasprit Bumrah: भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की टी-20 सीरीज खेली जा रही है. सीरीज का दूसरा मुकाबला 15 सितंबर को खेला गया था. अब तक खेले गए दोनों मैच को भारत ने जीता है. इस सीरीज के जरिए जसप्रीत बुमराह ने भी भारतीय टीम में वापसी की है. उन्होंने अपनी वापसी से कमाल कर दिया. उन्हें आईसीसी टी-20 बॉलिंग रैंकिंग में जबरदस्त फायदा हुआ. उन्होंने टॉप-10 में एंट्री कर ली है.
जसप्रीत बुमराह की हुई टॉप-10 में एंट्री
जसप्रीत बुमराह की टॉप-10 में एंट्री हुई है. वह 17वें स्थान से सीधा 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं. यानी उन्हें 7 पायदान का फायदा हुआ. जसप्रीत बुमराह के पास 650 रेटिंग पॉइंट हैं. इसके अलावा वरुण चक्रवर्ती ने टॉप-5 में बाजी मार ली है. वह 7वें स्थान से 5वें स्थान प पहुंच गए हैं. उनके पास 678 रेटिंग पॉइंट हैं. हालांकि चक्रवर्ती अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जा रही सीरीज के दूसरे मैच में चोट की वजह से नहीं खेले थे और वह पूरी सीरीज से ही बाहर हो गए थे. इसके बावजूद उन्हें जबरदस्त फायदा हुआ है.
बुमराह ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी-20 मैच में किफायती गेंदबाजी करते हुए 26 रन देकर 1 विकेट लिए, जबकि दूसरे टी-20 मैच में उन्होंने 25 रन खर्च कर 1 विकेट लिया था. उन्होंने इस सीरीज में ज्यादातर डॉट गेंदें फेंकी हैं. अब भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरा मुकाबला 17 सितंबर को खेला जाएगा.
अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तानी बल्लेबाज को पछाड़ा
वहीं, टी-20आई बैटिंग रैंकिंग में ईशान किशन नंबर-1 पर बरकरार है. उनके पास 913 रेटिंग पॉइंट हैं. इसके अलावा अब दूसरे नंबर पर अभिषेक शर्मा हैं. उनके पास 862 रेटिंग पॉइंट हैं. उन्होंने साहिबजादा फरहान को पछाड़ा है, जो दूसरे नंबर पर काबिज थे. इसके अलावा आईसीसी टी-20 रैंकिंग में तिलक वर्मा को 1 पायदान का नुकसान हुआ है. वह 7वें स्थान से 8वें स्थान पर आ गए हैं.
वनडे रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाजों का जलवा बरकरार
वनडे रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाजों का जलवा बरकरार है. शुभमन गिल 801 रेटिंग पॉइंट के साथ पहले नंबर पर काबिज हैं. वहीं, डेरिल मिचेल 794 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर हैं. विराट कोहली 767 रेटिंग पॉइंट के साथ तीसरे नंबर पर हैं, जबकि रोहित शर्मा 758 रेटिंग पॉइंट के साथ चौथे नंबर पर हैं. इस तरह टॉप-5 की लिस्ट में 3 भारतीय बल्लेबाजों का जलवा बरकरार है.