Siddharth Sharma
Read More
KKR vs GT, Match Preview: इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में शनिवार दोपहर को कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस के बीच मैच खेला जाएगा। मैच ईडन गार्डन स्टेडियम में 3:30 बजे से आयोजित होगा। आईपीएल में दोनों टीमों के प्रदर्शन की बात करें तो गुजरात टाइटंस की टीम दूसरे नंबर पर है। वहीं कोलकाता की टीम सांतवे स्थान पर मौजूद है।
इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी नितीश राणा कर रहे हैं। वहीं गुजरात टाइटंस की कमान हार्दिक पांड्या के हाथों में है। मैच में गुजरात टाइटंस की टीम पहले मैच में रिंकू सिंह के 5 छक्कों के चलते मिली हार के बाद वापसी करना चाहेगी। वहीं केकेआर जीत की लय बरकरार रखने के लिए उतरेगी।
आईपीएल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 8 मैच खेले हैं और इसमें टीम को 3 में जीत मिली है। टीम ने आखिरी मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को मात दी थी। ये उनकी लगातार चार हार के बाद पहली जीत थी।
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए इस सीजन में सबसे ज्यादा रन वेंकटेश अय्यर ने बनाए हैं। उन्होंने 8 मैचों में 285 रन जोड़े हैं। वहीं सबसे ज्यादा विकेट वरुण चक्रवर्ती ने झटके हैं। उनके खाते में 13 विकेट हैं। इसके अलावा रिंकू सिंह भी अच्छी लय में नजर आ रहे हैं। उन्होंने गुजरात के खिलाफ आखिरी मैच में अंतिम ओवर में 5 छक्के जड़े थे।
आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस की टीम ने 7 मुकाबले खेले हैं। इसमें उन्हें 5 में जीत हासिल हुई है। टीम इसी के साथ प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है। टीम ने पिछले मैच में मुंबई इंडियंस को मात दी थी। टीम लगातार दो मैच जीतकर आ रही है। ऐसे में वह जीत की हैट्रिक लगाना चाहेगी।
इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीजन में गुजरात की तरफ से सबसे ज्यादा रन शुभमन गिल ने बनाए हैं। गिल ने अब तक 7 मैचों में 284 रन खाते में जोड़े हैं। गुजरात की तरफ से गेंदबाजी में सबसे ज्यादा विकेट राशिद खान ने झटके हैं। उनके खाते में 14 विकेट हैं। इसके अलावा अभिनव मनोहर और डेविड मिलर भी बल्ले से दमखम दिखा रहे हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल में 2 बार आमना-सामना हुआ है। दोनों के बीच पहला मुकाबला आईपीएल 2022 में हुआ था, जिसमें गुजरात टाइटंस ने जीत दर्ज की थी। दोनों टीमों के बीच दूसरा मैच इसी सीजन में खेला गया था। जिसमें केकेआर ने रोमांचक तरीके से जीत दर्ज की थी।
ईडन गार्डन स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के अनुकूल मानी जाती है। यहां का मैदान छोटा और ऑउटफील्ड तेज है। ऐसे में टी-20 क्रिकेट में इस मैदान पर खूब रन बनते हैं। इस पिच पर 180 से नीचे के स्कोर का बचाव करना मुश्किल हो सकता है। पिच पर तेज गेंदबाजों के मुकाबले स्पिन गेंदबाजों को अधिक मदद मिलती है। इस पिच पर ज्यादातर टीमें टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना पसंद करती हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स: नारायण जगदीसन (wk), जेसन रॉय, वेंकटेश अय्यर, नितीश राणा (c), आंद्रे रसेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, डेविड विसे, शार्दुल ठाकुर, उमेश यादव, वरुण चक्रवर्ती
गुजरात टाइटंस: रिद्धिमान साहा (wk), शुभमन गिल, हार्दिक पांड्या (c), विजय शंकर, अभिनव मनोहर, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, मोहम्मद शमी, नूर अहमद, मोहित शर्मा
गुजरात टाइटंस और केकेआर के बीच होने वाले मैच को टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स पर देखा जा सकता है। वहीं मोबाइल पर इसे जियो सिनेमा एप पर देखा जा सकता है।
न्यूज 24 पर पढ़ें क्रिकेट, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।