India Women vs Zimbabwe Women: भारतीय महिला टीम और जिम्ब्बावे महिला टीम के बीच 3 मैचों की टी-20 सीरीज खेली गई थी. सीरीज का आखिरी मुकाबला 20 अक्टूबर को रायपुर में खेला गया था. इस मैच में भारत की ओर से शेफाली वर्मा और हरमनप्रीत कौर ने शानदार बल्लेबाजी की और अर्धशतकीय पारी खेली. भारत ने दोनों खिलाड़ियों की अर्धशतकीय पारी के दम पर विशाल स्कोर बनाया था, जिसके जवाब में जिम्ब्बावे की टीम को हार का सामना करना पड़ा. भारत ने इस मुकाबले को 92 रनों से अपने नाम कर लिया.
भारत ने बनाए थे 216 रन
सलामी बल्लेबाज की भूमिका में उतरीं शेफाली वर्मा और अनुष्का शर्मा ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई. शेफाली ने 37 गेंदों में 69 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 6 चौके के अलावा 5 छक्के शामिल थे. इसके अलावा अनुष्का ने 20 गेंदों में 28 रन बनाए थे. वहीं, नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरी हरमनप्रीत कौर ने भी नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली. उन्होंने 41 गेंदों में 91 रन बनाए. पारी के दौरान उन्होंने 10 चौके और 5 छक्के अपने नाम किए. भारत ने 20 ओवर में 216/7 रन बनाए थे.
जिम्बाब्बे को मिली करारी हार
लक्ष्य का पीछा करने के लिए उतरी जिम्बाब्वे को अच्छी शुरुआत नहीं मिली. सलामी बल्लेबाज केलिस न्धलोवु बिना खाता खोले आउट हो गईं. इसके अलावा शार्ने मेयर्स ने 49 गेंदों में 60 रनों की पारी खेली. उन्होंने 4 चौके के अलावा 4 छक्के अपने नाम किए. वहीं, मोडेस्टर मुपाचिकवा ने 4 गेंदों में 1 रन बनाए.
बीलव्ड बीजा ने 50 गेंदों में 44 रनों की पारी खेली. इसके अलावा न्याशा ग्वांजुरा के बल्ले से 7 गेंदों में 2 रन निकले. जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 124 रन ही बना सकी और भारत ने 94 रनों से मुकाबला जीत लिया.
भारत ने 3-0 से सीरीज पर ऐसे जमाया कब्जा
पहले मैच में जिम्बाब्वे ने 114 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम ने 116 रन बनाकर 4 विकेट से मुकाबला जीत लिया था. वहीं, दूसरे टी-20 मैच में जिम्बाब्वे ने 102 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारत ने 8.5 ओवर में ही मुकाबला 9 विकेट से जीता था. अब तीसरे टी-20 मैच में भी भारत ने एकतरफा जीत हासिल करते हुए 92 रनों से बाजी मारी. इस तरह भारत ने 3-0 से सीरीज पर कब्जा जमाया.
अब 3 मैचों की टी-20 सीरीज के बाद दोनों टीमें 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए आमने सामने होंगी. पहला मुकाबला 23 अक्टूबर को खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 25 और तीसरा मुकाबला 28 अक्टूबर को खेला जाएगा.