हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: DiwaliIndia blocGyanesh KumarBigg Boss 20

IND vs NZ: 7 साल से जिस रिकॉर्ड पर था कीवी टीम को नाज, भारत ने एक झटके में किया खत्म

भारत ने ऑकलैंड में पहले वनडे में न्यूजीलैंड को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 5 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. इस जीत के साथ टीम इंडिया ने कीवी टीम का सात साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. विराट कोहली की 74 रनों की पारी और भारतीय तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन ने जीत में अहम भूमिका निभाई.

विज्ञापन
IND vs NZ/ Image Source: ANI

ऑकलैंड में खेले गए पांच मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को उसी के घर में करारी शिकस्त दी. बारिश से प्रभावित इस मैच में टीम इंडिया ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत 5 विकेट से जीत दर्ज की और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली. भारत की इस जीत के हीरो गेंदबाजों के साथ विराट कोहली रहे, जिन्होंने 74 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के घर में सात साल से चले आ रहे एक खास रिकॉर्ड को भी खत्म कर दिया.

भारत ने खत्म किया न्यूजीलैंड का सात साल पुराना दबदबा

न्यूजीलैंड की टीम को अपने घरेलू मैदानों पर वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में हार का सामना किए हुए लंबा समय हो गया था. पिछले 12 घरेलू वनडे सीरीज में यह पहला अवसर था, जब कीवी टीम शुरुआती मैच गंवा बैठी. इससे पहले जनवरी 2019 में न्यूजीलैंड को अपने घर में सीरीज के पहले वनडे में हार मिली थी. उस समय भी भारत ने ही उसे शिकस्त दी थी. अब करीब सात साल बाद एक बार फिर भारतीय टीम ने कीवी धरती पर यह कारनामा दोहराया है.

भारतीय गेंदबाजों ने कीवी बल्लेबाजों को नहीं जमने दिया

मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज जैसे अनुभवी गेंदबाजों की गैरमौजूदगी के बावजूद भारतीय पेस अटैक ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई. अर्शदीप सिंह ने चार विकेट लेकर न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. वहीं गुरनूर बराड़ ने तीन और अंशुल कंबोज ने दो विकेट अपने नाम किए. इन गेंदबाजों के सामने कीवी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सके और पूरी टीम 40.2 ओवर में 185 रन बनाकर सिमट गई.

विज्ञापन

कोहली और गिल की साझेदारी ने आसान बनाया लक्ष्य

बारिश के कारण भारतीय टीम को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 32 ओवर में 143 रन बनाने का लक्ष्य मिला. हालांकि, रोहित शर्मा पहली ही ओवर में बिना खाता खोले आउट हो गए. इसके बाद विराट कोहली और शुभमन गिल ने मोर्चा संभाला. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की अहम साझेदारी की.

कोहली ने 51 गेंदों पर 74 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और एक छक्का शामिल रहा. उन्होंने केवल 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. गिल ने भी 37 रनों का योगदान दिया. हालांकि, आखिरी ओवरों में भारत ने तेजी से चार विकेट गंवाकर मुकाबले को थोड़ा रोमांचक बना दिया, लेकिन नमन धीर ने विजयी चौका लगाकर टीम को 22.4 ओवर में जीत दिला दी. इस तरह भारत ने जीत के साथ सीरीज का शानदार आगाज किया.

विज्ञापन

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Alsaba Zaya

झारखंड के हुसैनाबाद के अलसबा जया न्यूज 24 में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. खेल पत्रकारिता में लगभग 4 साल का अनुभव रखने वाले अलसबा ने अब तक क्रिकेट के कई बड़े टूर्नामेंट कवर किए हैं. उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत स्पोर्ट्सविकी के साथ की. इसके बाद वह सितंबर 2024 से न्यूज 24 का हिस्सा हैं. उन्होंने अपने करियर में वनडे वर्ल्ड कप 2023, आईपीएल 2023, टी-20 वर्ल्ड कप 2024, आईपीएल 2024, पेरिस ओलंपिक 2024, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025, आईपीएल 2025, महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025, टी-20 वर्ल्ड कप 2026, आईपीएल 2026 जैसे बड़े टूर्नामेंट कवर किए हैं. क्रिकेट के अलावा उन्हें फुटबॉल और हॉकी पर भी लिखना पसंद है. साल 2022 में उन्होंने आईआईएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज ग्रेटर नोएडा से पत्रकारिता में BJMC की डिग्री हासिल की. इसके बाद उन्होंने कई संस्थानों के लिए कंसल्टेंट के रूप में भी काम किया. अलसबा ने न्यूज 24 के लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी, लक्ष्मी रतन शुक्ला का इंटरव्यू किया है. अलसबा खुद भी एक प्रोफेशनल क्रिकेटर रह चुके हैं. उन्होंने झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) की ओर से आयोजित अंडर-19 टूर्नामेंट खेला है. वहीं, दिल्ली स्थित सोनट क्रिकेट क्लब में भी वह कोच दिवंगत तारक सिन्हा की अगुवाई में ट्रेनिंग ले चुके हैं.
... और पढ़ें

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola