जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत की है. प्रतियोगिता के पहले दिन भारतीय पैरा एथलीट्स ने अपनी मेहनत और शानदार खेल के दम पर कुल 11 पदक जीते. इनमें चार गोल्ड, पांच सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे. निशानेबाजी, लंबी कूद, दौड़ और भाला फेंक जैसी स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. मोना अग्रवाल, निषाद कुमार, सौम्या और रिंकू ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत की पदक तालिका में अहम योगदान दिया.
मोना अग्रवाल ने अवनी लेखारा को हराया
महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल SH1 स्पर्धा में मोना अग्रवाल ने शानदार वापसी करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया. फाइनल में उनका मुकाबला भारत की ही अवनी लेखारा से था. मोना ने 250.0 अंक हासिल किए और एशियन पैरा गेम्स का नया रिकॉर्ड बनाया. वह क्वालीफाइंग राउंड के बाद छठे स्थान पर थीं, लेकिन फाइनल में दमदार प्रदर्शन कर शीर्ष पर पहुंच गईं.
पेरिस पैरालंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाली मोना ने अवनी को केवल 0.4 अंक से पीछे छोड़ा. दो बार की पैरालंपिक चैंपियन अवनी को रजत पदक मिला. हालांकि, इस पदक के साथ उन्होंने 2028 लॉस एंजिल्स पैरालंपिक के लिए दूसरा कोटा स्थान भी हासिल किया. मोना ने इससे पहले दक्षिण कोरिया के चांगवोन में हुई वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर एक कोटा हासिल किया था. क्वालीफाइंग राउंड में उन्होंने 629.1 अंक बनाकर रिकॉर्ड कायम किया, जबकि अवनी 626.4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही थीं.
निषाद कुमार और सौम्या ने भी दिखाया दम
लंबी कूद में निषाद कुमार ने 7.11 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता. दो बार के पैरालंपिक रजत पदक विजेता निषाद के लिए यह उपलब्धि खास रही, क्योंकि वह पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय लंबी कूद प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे थे. छह साल की उम्र में एक दुर्घटना में उनका दाहिना हाथ कट गया था, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और खेल में अपनी अलग पहचान बनाई.
महिलाओं की 1500 मीटर T12/T13 स्पर्धा में सौम्या ने 5 मिनट 12.39 सेकेंड का समय लेकर गोल्ड मेडल जीता. उन्होंने भारत की वेंकटेश राधा को पीछे छोड़ा. वहीं, T11 श्रेणी में रवन्नी वलसनैनी को कांस्य पदक मिला.
भाला फेंक और जूडो में भी भारत को पदक
पुरुषों की F46 भाला फेंक स्पर्धा में रिंकू ने 65.11 मीटर के साथ गोल्ड और अजीत सिंह ने 65.02 मीटर के प्रदर्शन से सिल्वर मेडल जीता. जूडो में कोकिला ने महिलाओं के J2-52 किलोग्राम वर्ग में रजत, जबकि कपिल परमार ने पुरुषों के J1-70 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया. पहले दिन की इन सफलताओं से भारतीय दल ने प्रतियोगिता में मजबूत शुरुआत की.