IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का चौथा मुकाबला शुक्रवार, 30 अक्टूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा. शुरुआती तीनों मैच जीतकर भारतीय टीम सीरीज अपने नाम कर चुकी है. अब उसकी नजर न्यूजीलैंड को बाकी दोनों मुकाबलों में हराकर क्लीन स्वीप करने पर होगी. हालांकि, इस मुकाबले से पहले ऑकलैंड के मौसम ने चिंता बढ़ा दी है. शहर में गुरुवार को बारिश हुई है, ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या अगले दिन भी मौसम मैच में रुकावट बनेगा. आइए जानते हैं कि मुकाबले के दौरान मौसम कैसा रहने वाला है.
मैच के दिन कैसा रहेगा ऑकलैंड का मौसम?
मौसम से जुड़ी जानकारी देने वाली वेबसाइट एक्यूवेदर के अनुसार, ऑकलैंड में गुरुवार को बारिश दर्ज की गई. हालांकि, शुक्रवार को मौसम में कुछ सुधार होने की उम्मीद है. रिपोर्ट के मुताबिक, दिन के समय बारिश होने की संभावना करीब 25 प्रतिशत है. वहीं, मैच के दौरान बारिश की आशंका घटकर लगभग 3 प्रतिशत रह सकती है. इससे मुकाबले के बिना किसी बड़ी रुकावट के पूरा होने की उम्मीद बढ़ गई है.
हालांकि, बारिश का खतरा कम होने के बावजूद खिलाड़ियों और दर्शकों को तेज हवाओं का सामना करना पड़ सकता है. शुक्रवार को ऑकलैंड में हवा की रफ्तार करीब 32 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है. आसमान में बादल भी छाए रह सकते हैं. ऐसे मौसम में परिस्थितियां तेजी से बदल सकती हैं. बारिश के कारण मैच शुरू होने में देरी होने या खेल के बीच कुछ देर के लिए रुकने की आशंका से भी पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता.
भारतीय टीम में हो सकता है एक बदलाव
सीरीज में 3-0 की बढ़त हासिल करने के बाद भारतीय टीम चौथे टी20 में भी जीत के इरादे से उतरेगी. इस मुकाबले में ईशान किशन की वापसी पर सभी की नजरें रहेंगी. चोट के कारण वह पिछले दो मैचों में प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं बन सके थे. अगर वह मैच से पहले पूरी तरह फिट हो जाते हैं, तो उन्हें टीम में जगह मिल सकती है. ऐसे में वैभव सूर्यवंशी को बाहर बैठना पड़ सकता है.
ईशान की वापसी से भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम भी बदल सकता है. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत कर सकते हैं, जबकि ईशान किशन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं. इसके बाद श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा मध्यक्रम की जिम्मेदारी संभालेंगे. ऑलराउंडर के तौर पर अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी और नमन धीर टीम को संतुलन देंगे. वहीं, तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी प्रिंस यादव, भुवनेश्वर कुमार और अर्शदीप सिंह के कंधों पर रह सकती है.