राइजिंग एशिया कप 2026 के लिए बीसीसीआई ने 2 नवंबर को भारतीय A टीम का ऐलान कर दिया है. भारत की कप्तानी तिलक वर्मा को दी गई है. इसके अलावा अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे स्टार खिलाड़ियों को मौका मिला है. वहीं, विकेटकीपर के रूप में प्रभसिमरन सिंह को भी टीम इंडिया में शामिल किया गया है.
इंडिया A का स्क्वाड
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह [विकेटकीपर], तिलक वर्मा, रजत पाटीदार, रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अरशद खान.
धाकड़ बल्लेबाजों से सजी है टीम
इंडिया ए की बल्लेबाजी यूनिट में अनुभव और युवा प्रतिभा दोनों को जगह दी गई है. टीम के टॉप ऑर्डर में अभिषेक शर्मा और युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी जैसे विस्फोटक बल्लेबाज मौजूद हैं. ये दोनों अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से शुरुआती ओवरों में ही विपक्षी टीम पर दबाव बनाने की क्षमता रखते हैं.
वहीं, मिडिल ऑर्डर को मजबूती देने के लिए प्रभसिमरन सिंह, कुमार कुशाग्र और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ियों को चुना गया है. इनके अलावा सूर्यांश शेडगे भी टीम का हिस्सा हैं. खासकर रिंकू सिंह से आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने और मुश्किल परिस्थितियों में टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने की उम्मीद होगी.
ऑलराउंडर्स के दम पर मजबूत होगी टीम
टीम में ऑलराउंडर्स के विकल्प भी काफी मजबूत नजर आते हैं. चयनकर्ताओं ने शाहबाज अहमद, विपराज निगम, हर्ष दुबे और तनुष कोटियन को मौका दिया है. ये खिलाड़ी बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी योगदान दे सकते हैं. इससे कप्तान तिलक वर्मा को प्लेइंग इलेवन में संतुलन बनाने के लिए कई विकल्प मिलेंगे. कतर की परिस्थितियों में इन ऑलराउंडर्स की स्पिन गेंदबाजी भी टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकती है.
हर्षित राणा संभालेंगे तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी
तेज गेंदबाजी विभाग में हर्षित राणा सबसे प्रमुख नाम हैं. वह अपनी रफ्तार और आक्रामक गेंदबाजी के दम पर टीम के पेस अटैक को लीड करेंगे. उनके अलावा प्रिंस यादव और अरशद खान को भी टीम में शामिल किया गया है.
तीनों तेज गेंदबाजों पर नई गेंद से शुरुआती विकेट निकालने की जिम्मेदारी होगी. इसके अलावा मैच के आखिरी ओवरों में भी उनसे प्रभावशाली प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी. कुल मिलाकर इंडिया ए की टीम में बल्लेबाजी, ऑलराउंडर और तेज गेंदबाजी के बीच अच्छा संतुलन नजर आता है.