India A Semifinal Opponent Not Decided: एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में टीम इंडिया का प्रदर्शन शानदार रहा है. जितेश शर्मा की कप्तानी में इंडिया A ने तीन में से दो मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है. 21 नवंबर 2025 को दोहा में इंडिया A सेमीफाइनल का हिस्सा बनेगी लेकिन अब तक उनका विरोधी तय नहीं है. उनके खिलाफ खेलने के लिए तीन अलग-अलग दावेदार नजर आ रहे हैं. कहा जा सकता है कि ओमान को हराने के बावजूद टीम इंडिया का सेमीफाइनल मैच फंसा हुआ है. उन्हें ही पता नहीं है कि दो दिन बाद वो किस टीम से खेलेंगे.
टीम इंडिया की किससे होगी टक्कर अभी तय नहीं!
इंडिया A एशिया कप राइजिंग स्टार्स के ग्रुप स्टेज में पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर रही. वो ग्रुप B का हिस्सा हैं और उनका सामना अब सेमीफाइनल में ग्रुप A की टॉप टीम से होगा. ग्रुप A के पॉइंट्स टेबल का समीकरण काफी ज्यादा रोचक है. बांग्लादेश A ने 2, श्रीलंका A ने 1 और अफगानिस्तान A ने 1 मैच जीता है. बांग्लादेश अभी सबसे बेहतर नेट रन रेट और दो जीत के साथ नंबर 1 पर है.
आज अफगानिस्तान A और हांगकांग के बीच मैच होगा. अफगानिस्तान का नेट रन रेट अच्छा नहीं है और वो तीसरे स्थान पर है. उन्हें अगर टॉप 2 में जगह बनानी है, तो हांगकांग को बड़े अंतर से हराना होगा और उम्मीद करनी होगी कि बांग्लादेश, श्रीलंका A को हरा दे. श्रीलंका को क्वालीफाई करने के लिए अफगानिस्तान की हार की उम्मीद करनी होगी और बांग्लादेश A को बड़े अंतर से हराना होगा. ऐसा करने से वो टॉप 2 में रहेंगे.
बांग्लादेश A टीम अगर बड़े अंतर से हार गई और श्रीलंका को एकतरफा जीत मिल गई, तो वो पॉइंट्स टेबल में नंबर 1 पर आ सकते हैं. श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में से कोई भी ग्रुप A में नंबर 1 पर फिनिश कर सकता है. टीम इंडिया की इनमें से ही किसी टीम से भिड़ंत होगी. आज रात तक पता चल जाएगा कि टीम इंडिया किससे सेमीफाइनल में भिड़ेगी.