'भुवनेश्वर कुमार को चुनना सबसे बड़ी चूक थी', सिलेक्टर्स पर भड़के इरफान पठान, जमकर सुनाई खरी-खोटी
IND vs NZ: भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भुवनेश्वर कुमार के सिलेक्शन पर सवाल उठाए हैं. इरफान ने भुवी के चयन को सिलेक्टर्स की बड़ी चूक बताया है. उनका मानना है कि इस सीरीज में भुवी की जगह किसी युवा तेज गेंदबाज को मौका दिया जाना चाहिए था.
इरफान पठान ने भुवनेश्वर कुमार के चयन पर उठाए सवाल (PIC Credit - ANI)
Irfan Pathan on Bhuvneshwar Kumar: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खत्म हो चुकी है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने 3-2 से टी20 सीरीज अपने नाम की. भारत ने शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर सीरीज पर कब्जा जमा लिया था, लेकिन आखिरी दो मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा. वहीं, सीरीज खत्म होने के बाद पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने टीम इंडिया के सिलेक्शन को लेकर बड़ा सवाल खड़ा किया है. खासतौर पर उन्होंने अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के चयन पर नाराजगी जाहिर की और इसे सिलेक्टर्स की बड़ी चूक बताया है.
विज्ञापन
4 साल बाद टी20 इंटरनेशनल में लौटे भुवनेश्वर भी न्यूजीलैंड सीरीज में कुछ खास नहीं कर पाए और चार मुकाबलों में सिर्फ एक विकेट हासिल किया. ऐसे में इरफान ने भुवनेश्वर को न्यूजीलैंड दौरे पर मौका दिए जाने की टाइमिंग पर सवाल उठाए. उनका मानना है कि इस सीरीज में भुवी की जगह किसी युवा तेज गेंदबाज को मौका दिया जाना चाहिए था, ताकि उसे न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में खेलने का अनुभव मिल सके.
विज्ञापन
इरफान पठान ने भुवनेश्वर कुमार के सिलेक्शन पर उठाए सवाल
भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज खत्म होने के कुछ घंटों बाद ही इरफान पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के सिलेक्शन पर सवाल उठाए. इरफान ने कहा कि 4-1 से सीरीज जीतने और 3-2 से सीरीज जीतने में काफी अंतर होता है. न्यूजीलैंड ने आखिरी दो मुकाबले जीतकर अच्छा प्रदर्शन किया और हैमिल्टन में 192 रनों का लक्ष्य महज 18 ओवर में हासिल कर लिया. इसके बाद उन्होंने सीरीज में भारतीय टीम के प्रदर्शन और चयनकर्ताओं के फैसलों की समीक्षा की.
भुवी के चयन पर इरफान ने कहा, “मेरे हिसाब से चयनकर्ताओं से सबसे बड़ी चूक भुवनेश्वर कुमार को इस सीरीज के लिए चुनने में हुई. यहां वे चूक गए.” उन्होंने आगे कहा कि भुवनेश्वर एक अच्छे गेंदबाज और अनुभवी खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्हें न्यूजीलैंड में टी20 सीरीज खिलाने का फैसला उनकी समझ से परे था. अगर टीम 50 ओवर के वर्ल्ड कप की तैयारी कर रही होती और भुवनेश्वर को उस योजना का हिस्सा बनाया जाता, तो यह फैसला समझ में आता.
विज्ञापन
🚨Picking Bhuvneshwar Kumar for the New Zealand series was their biggest mistake – Irfan Pathan slams selectors for including veteran pacer🤯
Irfan Pathan said :🗣️
"We played some great cricket on this New Zealand tour. But there were some questions as well, we lost the last… pic.twitter.com/Sh1eON5dJb
भुवी की जगह युवा तेज गेंदबाजों को मिलना चाहिए था मौका
इरफान पठान का मानना है कि भुवनेश्वर कुमार के चयन की वजह से युवा तेज गेंदबाजों को पर्याप्त मौके नहीं मिल पाए. इरफान ने कहा कि अगर भुवनेश्वर टीम का हिस्सा नहीं होते, तो किसी युवा गेंदबाज को प्लेइंग इलेवन में खेलने और न्यूजीलैंड की परिस्थितियों को समझने का मौका मिल सकता था. उन्होंने इस संबंध में मयंक यादव और प्रिंस यादव का भी जिक्र किया. पठान के मुताबिक, इन दोनों युवा तेज गेंदबाजों को ज्यादा मुकाबलों में खेलने का मौका मिलना चाहिए था.
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर ने कहा, “भुवनेश्वर कुमार को चुनकर चयनकर्ताओं ने एक युवा तेज गेंदबाज से न्यूजीलैंड की सरजमीं पर अनुभव हासिल करने का मौका छीन लिया.” उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई वर्ल्ड कप नजदीक होता और टीम को जरूरत पड़ने पर भुवनेश्वर जैसे अनुभवी गेंदबाज को तैयार रखना होता, तो उनका चयन समझ में आता. लेकिन युवा तेज गेंदबाजों को बड़ी सीरीज में मौके नहीं देना उनके अनुभव के लिहाज से नुकसानदायक हो सकता है.
विज्ञापन
One more loss for team India. Reasons? Positives? My honest take on Bhuvneshwar Kumar selection?https://t.co/K6szoVaNbj
भुवनेश्वर की स्किल पर नहीं, चयन की टाइमिंग पर सवाल
इरफान पठान ने आगे स्पष्ट किया कि वह भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी क्षमता को लेकर सवाल नहीं कर रहे हैं. उन्होंने माना कि भुवनेश्वर एक बेहतरीन और अनुभवी गेंदबाज हैं. हालांकि, मौजूदा समय में उनके चयन की जरूरत और सही समय को लेकर सवाल उठना जायज है. उन्होंने कहा, “मैं यह नहीं कह रहा हूं कि भुवनेश्वर कुमार ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया या वह ऐसा नहीं कर सकते. उनकी स्किल पर कोई सवाल नहीं है, लेकिन उनकी टाइमिंग पर जरूर सवाल है. क्या भुवी की जगह किसी युवा तेज गेंदबाज को मौका देना ज्यादा बेहतर होता? मेरा मानना है कि ऐसा करना सही रहता.”
विज्ञापन
न्यूजीलैंड T20 सीरीज में कैसा रहा भुवनेश्वर का प्रदर्शन?
न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भुवनेश्वर कुमार को चार मुकाबलों में खेलने का मौका मिला. न्यूजीलैंड के खिलाफ चार मुकाबलों में भुवनेश्वर ने कुल 16 ओवर गेंदबाजी की और 11.25 की इकोनॉमी से रन खर्च किए. इस दौरान वह सिर्फ एक विकेट हासिल कर सके. हालांकि, इरफान पठान को भुवनेश्वर के इस प्रदर्शन से ज्यादा उनके चयन की टाइमिंग पर आपत्ति है. उनका मानना है कि जब टीम इंडिया के पास कई युवा तेज गेंदबाज मौजूद थे, तो इस सीरीज में उन्हें आजमाने का बेहतर मौका था.