Haris Rauf: पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेली जा रही वनडे ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में रोमांच के साथ विवाद भी देखने को मिला. लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी विकेट के लिए शानदार साझेदारी करते हुए 1 विकेट से यादगार जीत दर्ज की. एक समय पाकिस्तान की टीम हार के बेहद करीब थी, लेकिन शादाब खान और हारिस रऊफ ने मैच का रुख पलट दिया. हालांकि, इस जीत के तुरंत बाद हारिस रऊफ का मैदान पर बल्ला फेंकना चर्चा का विषय बन गया है. इस घटना के चलते तेज गेंदबाज को आईसीसी की कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है.
शादाब और हारिस ने पलटी बाजी
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के सामने 242 रनों का लक्ष्य रखा था. लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की हालत एक समय बेहद खराब हो गई. टीम ने 154 रन तक अपने 9 विकेट गंवा दिए थे और उसकी हार लगभग तय मानी जा रही थी. ऐसे मुश्किल हालात में शादाब खान ने जिम्मेदारी संभाली और नाबाद 113 रनों की शानदार पारी खेली.
दूसरी ओर, 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने भी उनका बखूबी साथ दिया. दोनों ने आखिरी विकेट के लिए 89 रनों की अहम साझेदारी की और पाकिस्तान को एक विकेट से जीत दिला दी. इस परिणाम के साथ पाकिस्तान ने ट्राई सीरीज के फाइनल में भी अपनी जगह पक्की कर ली.
विल जैक्स से भिड़े, फिर फेंका बल्ला
मैच के दौरान हारिस रऊफ और इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स के बीच भी तनाव देखने को मिला. 46वें ओवर में दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस हुई. इस दौरान हारिस हाथ में बल्ला लिए आक्रामक अंदाज में विल जैक्स की तरफ बढ़ते नजर आए.
पाकिस्तान की जीत के बाद भी हारिस का गुस्सा और उत्साह चर्चा में रहा. जीत की बाउंड्री लगते ही उन्होंने अपना बल्ला हवा में उछालकर मैदान पर फेंक दिया. इसी घटना के कारण अब उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.
ICC के नियमों के तहत हो सकती है कार्रवाई
आईसीसी की आचार संहिता में क्रिकेट उपकरणों का अनुचित इस्तेमाल करना नियमों का उल्लंघन माना जा सकता है. इस मामले में अनुच्छेद 2.2 प्रासंगिक हो सकता है, जो क्रिकेट उपकरणों या मैदान की संपत्ति के दुरुपयोग से जुड़ा है. वहीं, अनुच्छेद 2.9 किसी खिलाड़ी, अंपायर या अन्य व्यक्ति की ओर खतरनाक तरीके से उपकरण फेंकने से संबंधित है.