VIDEO: गुरनूर बरार और न्यूजीलैंड के आखिरी बल्लेबाज के बीच हुई तीखी बहस, अगली ही गेंद पर किया आउट

ऑकलैंड वनडे में गुरनूर बरार और न्यूजीलैंड के 11वें नंबर के बल्लेबाज ब्लेयर टिकनर के बीच मैदान पर जुबानी जंग देखने को मिली. दोनों के बीच बहस के बाद गुरनूर ने अगली ही गेंद पर टिकनर को आउट कर दिया. टिकनर ने 23 गेंदों में 34 रन बनाए और जैकब डफी के साथ आखिरी विकेट के लिए 39 रनों की साझेदारी की.

IND vs NZ/ Image Source: ANI

IND vs NZ/ Image Source: ANI

Gurnoor Brar: भारत और न्यूजीलैंड के बीच ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में गुरनूर बरार ने गेंद से शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने अपनी तेज गेंदबाजी से कीवी बल्लेबाजों को परेशान करते हुए तीन विकेट हासिल किए. हालांकि, इस मैच में उनका एक विकेट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. इसकी वजह न्यूजीलैंड के आखिरी बल्लेबाज ब्लेयर टिकनर के साथ मैदान पर हुई उनकी कहासुनी थी. दोनों खिलाड़ियों के बीच पहले कुछ देर तक जुबानी जंग देखने को मिली और फिर गुरनूर ने अपनी गेंद से इसका जवाब देते हुए टिकनर को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है.

विज्ञापन

गुरनूर बरार और टिकनर के बीच मैदान पर हुई बहस

न्यूजीलैंड की पारी के दौरान भारतीय टीम ने एक समय मेजबान टीम के 9 विकेट सिर्फ 146 रन पर गिरा दिए थे. ऐसा लग रहा था कि कीवी टीम जल्द ही सिमट जाएगी, लेकिन 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ब्लेयर टिकनर ने जैकब डफी के साथ मिलकर भारतीय गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं.

विज्ञापन

टिकनर ने अर्शदीप सिंह के आखिरी ओवर में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए तीन छक्के जड़े और कुल 23 रन बटोर लिए. इसके बाद भारतीय कप्तान ने गेंदबाजी की जिम्मेदारी गुरनूर बरार को सौंपी. न्यूजीलैंड की पारी के 41वें ओवर में गुरनूर और टिकनर के बीच दिलचस्प टकराव देखने को मिला.

ओवर की पहली गेंद पर टिकनर शॉट खेलने की कोशिश में पूरी तरह चूक गए. इसके बाद गुरनूर ने उनकी तरफ देखकर कुछ कहा और उन्हें बल्लेबाजी करने का तरीका बताने के अंदाज में प्रतिक्रिया दी. टिकनर ने भी इसका जवाब दिया और दोनों के बीच कुछ देर तक जुबानी जंग चलती रही. हालांकि, गुरनूर ने अगली ही गेंद पर अपना कमाल दिखा दिया. उन्होंने टिकनर को आउट करके इस मुकाबले में अपनी तीसरी सफलता हासिल की. इस तरह भारतीय गेंदबाज ने बहस के बाद विकेट लेकर मैदान पर अपना दबदबा दिखाया.

विज्ञापन

टिकनर और डफी ने आखिरी विकेट के लिए जोड़े 39 रन

ब्लेयर टिकनर ने निचले क्रम में आकर भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी की. उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों का सामना करते हुए 34 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से कई बड़े शॉट देखने को मिले. उन्होंने जैकब डफी के साथ मिलकर आखिरी विकेट के लिए 39 रनों की अहम साझेदारी की.

इस साझेदारी की बदौलत न्यूजीलैंड की टीम 146 रन पर 9 विकेट गंवाने के बावजूद 185 रन तक पहुंचने में सफल रही. हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने आखिरकार इस साझेदारी को तोड़कर कीवी टीम की पारी समाप्त कर दी. गुरनूर बरार के लिए यह मुकाबला गेंदबाजी के साथ-साथ मैदान पर अपने आक्रामक अंदाज को लेकर भी यादगार बन गया.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Alsaba Zaya

Alsaba Zaya

झारखंड के हुसैनाबाद के अलसबा जया न्यूज 24 में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. खेल पत्रकारिता में लगभग 4 साल का अनुभव रखने वाले अलसबा ने अब तक क्रिकेट के कई बड़े टूर्नामेंट कवर किए हैं. उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत स्पोर्ट्सविकी के साथ की. इसके बाद वह सितंबर 2024 से न्यूज 24 का हिस्सा हैं. उन्होंने अपने करियर में वनडे वर्ल्ड कप 2023, आईपीएल 2023, टी-20 वर्ल्ड कप 2024, आईपीएल 2024, पेरिस ओलंपिक 2024, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025, आईपीएल 2025, महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025, टी-20 वर्ल्ड कप 2026, आईपीएल 2026 जैसे बड़े टूर्नामेंट कवर किए हैं. क्रिकेट के अलावा उन्हें फुटबॉल और हॉकी पर भी लिखना पसंद है. साल 2022 में उन्होंने आईआईएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज ग्रेटर नोएडा से पत्रकारिता में BJMC की डिग्री हासिल की. इसके बाद उन्होंने कई संस्थानों के लिए कंसल्टेंट के रूप में भी काम किया. अलसबा ने न्यूज 24 के लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी, लक्ष्मी रतन शुक्ला का इंटरव्यू किया है. अलसबा खुद भी एक प्रोफेशनल क्रिकेटर रह चुके हैं. उन्होंने झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) की ओर से आयोजित अंडर-19 टूर्नामेंट खेला है. वहीं, दिल्ली स्थित सोनट क्रिकेट क्लब में भी वह कोच दिवंगत तारक सिन्हा की अगुवाई में ट्रेनिंग ले चुके हैं.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ