Chennai Super Kings vs Kolkata Knight Riders: चेन्नई सुपरकिंग्स ने ऐतिहासिक एमए चिदंबरम स्टेडियम में कोलकाता नाइटराइडर्स को 32 रन से मात देकर मौजूदा आईपीएल सीजन में लगातार दूसरी जीत दर्ज की. मेजबान की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही कमाल की रही जिसकी बदौलत केकेआर को इस साल अब तक पहली जीत नसीब नहीं हो पाई. येलो आर्मी अब 4 अंकों के साथ प्वॉइंट्स टेबल में 8वें नंबर पर पहुंच गई.
चेन्नई की शानदार बल्लेबाजी
कोलकाता नाइटराइडर्स ने टॉस जीतने के बाद चेन्नई सुपरकिंग्स को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया, लेकिन अंजिक्य रहाणे का ये फैसला गलत साबित हुआ क्योंकि उनके गेंदबाज 20 ओवर में 5 विकेट ही निकाल पाए, जिसके कारण येलो आर्मी ने 192 रन का स्कोर बना लिया. भले ही ऋतुराज गायकवाड़ महज 7 रन पर आउट हो गए थे, लेकिन बाकी बैटर्स ने रनों की रफ्तार को बनाए रखा. आयुष म्हात्रे 17 गेंदों में 38 रन बनाकर वैभव अरोड़ा के शिकार बने. संजू सैमसन भी तेजी से फिफ्टी की तरफ बढ़ रहे थे, लेकिन कार्तिक त्यागी ने उन्हें 48 के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया. इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस 41, सफराज खान 23, शिवम दुबे 13 और जेमी ओवरटन 15 रन बना पाए.
कोलकाता का फ्लॉप शो
193 रन का पीछा करते हुए कोलकाता नाइटराइडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही, टीम को पहला झटका फिन ऐलन के तौर पर लगा, जब केकेआर स्कोर महज 13 रन था. हालांकि सुनील नरेन (24), अंजिक्य रहाणे (28) और अंगकृष रघुवंशी(27) ने पारी को संभाला, लेकिन वो बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे. इसके बाद रिंकू सिंह (6) और कैमरून ग्रीन (0) ने निराश किया.हालांकि रोवमेन पॉवेल (31) और रमनदीप (35) ने थोड़ा दम दिखाया, लेकिन केकेआर 20 ओवर में महज 160 रन ही बना पाई. सीएसके की तरफ से नूर अहमद ने 3, अंशुल कंबोज ने 2, अकील हुसैन और खलील अहमद ने 1-1 विकेट हासिल किए
चेन्नई सुपरकिंग्स की प्लेइंग 11: संजू सैमसन ((विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, खलील अहमद.
कोलकाता नाइटराइडर्स की प्लेइंग 11: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी.