BCCI Umpire Salary: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड है. बीसीसीआई समय-समय पर अपने नियमों में बदलाव भी करती है. कुछ साल पहले ही बीसीसीआई ने भारतीय महिला खिलाड़ियों की मैच फीस पुरुष भारतीय टीम के बराबर कर दी थी. इस फैसले को ऐतिहासिक बताया गया था. अब बीसीसीआई ने एक और ऐलान किया है. हालांकि ये फैसला खिलाड़ियों के लिए नहीं बल्कि अंपायरों के लिए है.
बीसीसीआई का बड़ा फैसला
बीसीसीआई ने भारतीय अंपायरों को बड़ा तोहफा दिया है. सभी घरेलू अंपायरों की फीस दोगुनी कर दी गई है. रणजी ट्रॉफी 11 अक्टूबर से शुरू हो रही है और ये नियम भी इसी टूर्नामेंट से लागू हो जाएगा. बीसीसीआई ने अंपायरों को चार ग्रेड में विभाजित किया है. सभी अंपायरों को ग्रेड ए, बी, सी और डी में बांटा गया है. ग्रेड ए और बी के अंपायर सीनियर डोमेस्टिक टूर्नामेंट्स में अंपायरिंग करते हुए नजर आएंगे. वहीं ग्रेड सी और डी के अंपायर जूनियर टूर्नामेंट्स में अंपायरिंग करेंगे.
नए नियम के मुताबिक अब अंपायरों को लीग मैचों में 40 हजार प्रति दिन मिलेंगे. यानी अगर कोई अंपायर रणजी ट्रॉफी में अंपायरिंग करता है तो उसे 40 हजार प्रतिदिन के हिसाब से 1 लाख 60 हजार रुपये दिए जाएंगे. इसके अलावा नॉक आउट में अंपायरिंग करने वाले खिलाड़ियों को 50 से 60 हजार रुपये प्रति दिन दिए जाएंगे. बीसीसीआई ने अंपायरों की बल्ले-बल्ले कर दी है और फीस दोगुनी कर दी है. आईपीएल में भी अंपायरों को अच्छी खासी रकम मिलती है. आईसीसी एलीट पैनल के अंपायरों को करीब 3 से 4 लाख रुपये प्रतिमैच के हिसाब से पैसे मिलते हैं.
11 अक्टूबर से रणजी ट्रॉफी 2026-27 का आगाज
रणजी ट्रॉफी एलिट ग्रुप के फेस 1 की शुरुआत 11 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच होगी, जिसमें 4 राउंड के मुकाबले खेले जाएंगे. इसके बाद फेस-2 की शुरुआत 17 जनवरी से 4 फरवरी 2027 के बीच होगी. फिर नॉकआउट के मुकाबले 9 फरवरी से 3 मार्च 2027 के बीच खेले जाएंगे.
इसके अलावा प्लेट डिविजन रणजी ट्रॉफी की शुरुआत 11 अक्टूबर 2026 से 28 जनवरी 2027 के बीच होगी. इसके अलावा प्लेट ग्रुप का फाइनल मुकाबला 24 से 28 जनवरी के बीच खेला जाएगा. पिछले सीजन रणजी ट्रॉफी में जम्मू कश्मीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनी थी. इतिहास में पहली बार जम्मू कश्मीर ने रणजी खिताब जीता था. जम्मू के लिए आकिब नबी ने शानदार प्रदर्शन किया था और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट भी लिए थे.