IND vs NZ: भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली. टीम इंडिया भले ही इस मैच में जीत हासिल नहीं कर सकी, लेकिन अक्षर ने अपने प्रदर्शन से टी20 क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में खास जगह बना ली. वह टी20 फॉर्मेट में 3,000 रन और 300 विकेट का आंकड़ा छूने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं.
ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए मुकाबले के दौरान अक्षर ने न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन को आउट करके अपने टी20 करियर का 300वां विकेट हासिल किया. इसके साथ ही उन्होंने उन चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की सूची में जगह बना ली, जिन्होंने इस फॉर्मेट में बल्ले और गेंद दोनों से 3,000 रन और 300 विकेट का डबल पूरा किया है.
कई दिग्गज खिलाड़ियों की सूची में शामिल हुए अक्षर
टी20 क्रिकेट में यह खास उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों में आंद्रे रसेल, शाकिब अल हसन, मोहम्मद नबी, शादाब खान, जेसन होल्डर, डेविड विली, इमाद वसीम, समित पटेल, डेविड वीज, रोलोफ वैन डेर मेरवे, शाहिद अफरीदी, कायरन पोलार्ड, सैम कुरेन और लियाम डॉसन भी शामिल हैं.
अब तक खेले गए 345 टी20 मुकाबलों में उन्होंने 21.94 की औसत और 134.43 के स्ट्राइक रेट से 3,818 रन बनाए हैं. उनके नाम नौ अर्धशतक भी दर्ज हैं. वहीं, गेंदबाजी में वह 300 विकेट लेने का मुकाम हासिल कर चुके हैं.
ऐतिहासिक रिकॉर्ड के दिन बल्ले और गेंद से नहीं चला अक्षर का जादू
उन्होंने गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 43 रन खर्च किए और सिर्फ एक विकेट हासिल किया. इस दौरान उनकी इकॉनमी 14.33 रही. उनकी गेंद पर फिन एलन आउट हुए. एलन ने 17 गेंदों में 31 रन बनाए थे, लेकिन अभिषेक शर्मा ने डीप एक्स्ट्रा कवर पर उनका कैच पकड़कर पारी का अंत किया.
न्यूजीलैंड ने भारत को 87 रन से हराया
मुकाबले की बात करें तो न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 259 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक अंदाज अपनाते हुए 49 गेंदों में 107 रन बनाए. उनकी पारी में 10 छक्के शामिल रहे. वहीं, माइकल ब्रेसवेल ने भी महज 25 गेंदों में 65 रन ठोक दिए.
फिलिप्स और ब्रेसवेल के बीच सिर्फ 41 गेंदों में 115 रन की तेज साझेदारी हुई, जिसने न्यूजीलैंड को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. इसके जवाब में भारतीय टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और 87 रन से मुकाबला गंवा बैठी. इस तरह टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन अक्षर पटेल ने अपने नाम टी20 क्रिकेट का यादगार रिकॉर्ड दर्ज करा लिया.