IPL 2027 के लिए टीमों में बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है. फ्रेंचाइजी अपनी कमजोरियों को दूर करने के लिए खिलाड़ियों की अदला-बदली पर विचार कर रही हैं. इसी बीच दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज अशुतोष शर्मा को लेकर ट्रेड की चर्चा तेज हो गई है. खबरों के मुताबिक, गुजरात टाइटंस ने उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के लिए दिल्ली से संपर्क किया है. इस सौदे में किसी तेज गेंदबाज को शामिल किए जाने की संभावना है. हालांकि, अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि अशुतोष के बदले दिल्ली को कौन सा खिलाड़ी मिल सकता है.
खिलाड़ियों को रिटेन और रिलीज करने की 17 नवंबर की डेडलाइन जैसे-जैसे करीब आ रही है, वैसे-वैसे ट्रेड को लेकर भी हलचल बढ़ रही है. अशुतोष को अपनी टीम में शामिल करने में सिर्फ गुजरात टाइटंस ही नहीं, बल्कि लखनऊ सुपर जायंट्स भी दिलचस्पी दिखा रही है. दोनों टीमें अपनी बल्लेबाजी को मजबूत करना चाहती हैं. खासकर उन्हें ऐसे खिलाड़ी की जरूरत है, जो मुश्किल समय में तेजी से रन बनाकर मैच को जीत तक पहुंचा सके.
गुजरात टाइटंस पहले भी कर चुकी है संपर्क
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस ने कुछ महीने पहले ही अशुतोष शर्मा के लिए दिल्ली कैपिटल्स से बात की थी. हालांकि, उस समय दिल्ली की ओर से इस प्रस्ताव को लेकर कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई गई. अब टीम के मैनेजमेंट और कोचिंग स्टाफ में बदलाव के बाद इस ट्रेड पर फिर से विचार होने की संभावना है.
अशुतोष की पहचान एक आक्रामक बल्लेबाज और फिनिशर के तौर पर बनी है. वह दबाव में भी तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं. दिल्ली के लिए भी उन्होंने इसी भूमिका में बल्लेबाजी की है. गुजरात की दिलचस्पी की एक वजह यह भी हो सकती है कि टीम शाहरुख खान को रिलीज करने पर विचार कर रही है. ऐसे में अशुतोष उनके विकल्प बन सकते हैं.
तेज गेंदबाज के बदले फिनिशर की तलाश में GT
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि गुजरात टाइटंस पहले भी एक दूसरी फ्रेंचाइजी के सामने ट्रेड का प्रस्ताव रख चुकी है. टीम ने तेज गेंदबाज अशोक शर्मा के बदले एक फिनिशर को अपने साथ जोड़ने की कोशिश की थी, लेकिन दूसरी टीम ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया.