Cricket Australia: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में कमाई के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है. बोर्ड का सालाना राजस्व बढ़कर 601.1 मिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर यानी करीब 4024 करोड़ रुपये पहुंच गया. इस शानदार कमाई में भारत के खिलाफ खेली गई सीरीज और एशेज जैसे बड़े मुकाबलों का अहम योगदान रहा. हालांकि, रिकॉर्ड राजस्व के बावजूद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को करीब 20 मिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर यानी लगभग 134 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा. इसकी बड़ी वजह एशेज सीरीज के दो टेस्ट मैचों का महज दो दिन में समाप्त हो जाना रहा.
दो दिन में खत्म हुए टेस्ट से करोड़ों का नुकसान
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का पर्थ में खेला गया पहला टेस्ट और मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर हुआ बॉक्सिंग डे टेस्ट उम्मीद से काफी जल्दी खत्म हो गए. दोनों मुकाबलों के सिर्फ दो-दो दिन चलने से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को टिकट बिक्री और मैच से जुड़ी दूसरी कमाई में नुकसान हुआ.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी टॉड ग्रीनबर्ग के मुताबिक, पर्थ और मेलबर्न में खेले गए इन दोनों टेस्ट मैचों के कारण बोर्ड को लगभग 20 मिलियन डॉलर का नुकसान हुआ. वहीं, अध्यक्ष माइक बेयर्ड ने बताया कि MCG में एशेज मुकाबले के दौरान करीब 94,000 दर्शकों की रिकॉर्ड भीड़ पहुंची थी, लेकिन मैच के जल्दी समाप्त होने से आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा.
राजस्व में हुई जबरदस्त बढ़ोतरी
नुकसान के बावजूद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अपने वित्तीय लक्ष्यों को हासिल करने में सफल रहा. ग्रीनबर्ग ने इसके पीछे प्रसारण के अलावा दूसरे स्रोतों से हुई अच्छी कमाई को अहम बताया. प्रायोजन, व्यावसायिक गतिविधियों और गैर-प्रसारण राजस्व से मिली रकम ने घाटे के असर को कम करने में मदद की.
बोर्ड का राजस्व वित्तीय वर्ष 2024-25 में 455.6 मिलियन डॉलर था, जो 2025-26 में बढ़कर 601.1 मिलियन डॉलर हो गया. एशेज सीरीज के दौरान टिकटों की बिक्री, प्रसारण और व्यावसायिक साझेदारी से भी अच्छी आय हुई.
आने वाले वर्षों में खर्च पर रहेगा जोर
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सामने अब राजस्व को बनाए रखने की चुनौती है. भारत और इंग्लैंड जैसी टीमों के दौरों से बोर्ड को अच्छी कमाई होती है, लेकिन आने वाले घरेलू सत्रों में न्यूजीलैंड, श्रीलंका और पाकिस्तान जैसी टीमों के दौरे होंगे. ऐसे में आय में उतार-चढ़ाव की आशंका को देखते हुए खर्च पर नियंत्रण जरूरी होगा.