भारत और जापान के बीच 22 सितंबर को टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा. एशियन गेम्स 2026 से पहले भारत और जापान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा, जिसकी खूब चर्चा हो रही है. भारत और जापान क्रिकेट टीम इतिहास में पहली बार इंटरनेशनल मंच पर आमने सामने होंगे. जापान के खिलाफ मुकाबले से पहले भारत के बिहार राज्य से आने वाले अभिषेक आनंद की खूब चर्चा हो रही है, जो इन दिनों जापान क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं. हालांकि वह भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में नहीं खेलेंगे.
जापान टीम में छाए अभिषेक आनंद
बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले अभिषेक आनंद ने अपनी पढ़ाई IIT कानपुर से की है. इसके बाद वह नौकरी करने के लिए जापान की राजधानी टोक्यो चले गए थे. हालांकि अपनी पढ़ाई के दौरान भी अभिषेक ने क्रिकेट खेलना जारी रखा और वह अपनी कॉलेज टीम के कप्तान भी रह चुके हैं. जापान जाने के बाद उन्होंने क्लब लेवल की क्रिकेट खेली और बाद में नेशनल टीम का हिस्सा भी बन गए. एक वीडियो उनका सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनसे जापान क्रिकेट टीम में खेलने को लेकर सवाल पूछा गया. उन्होंने कहा कि ‘बिहारी कहां नहीं हैं भाई’. उनका जवाब सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में आ गया था.
हालांकि भारत के खिलाफ 22 सितंबर को सानो इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में अभिषेक जापान टीम का हिस्सा नहीं हैं. जापान के 15 सदस्यीय दल में उनका नाम शामिल नहीं है. 28 साल के अभिषेक ने साल 2025 में ही जापान के लिए आइलैंड के खिलाफ अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. हालांकि अब तक उन्होंने औसतन ही बल्लेबाजी की और खासा कमाल नहीं कर पाए हैं. अभिषेक दाएं के बल्लेबाज हैं और मध्यगति के तेज गेंदबाज हैं.
करियर पर एक नजर
अभिषेक ने अब तक जापान के लिए 18 टी-20आई मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 16.17 की औसत के साथ 275 रन बनाए हैं. उन्होंने 1 अर्धशतक जमाया है. अब तक वह 26 चौके और 13 छक्के जड़ चुके हैं. जापान के लिए उन्होंने आखिरी इंटरनेशनल मैच पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ खेला था.
भारत के खिलाफ मैच के लिए जापान की 15 सदस्यीय टीम
केंडेल काडोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान) चार्ली हारा-हिंज, बेंजामिन इतो-डेविस, एलेस्टर काडोवाकी-फ्लेमिंग, कोहेई कुबोटा, जेक कुसुदा-नायरन, वतरू मियाउची, रेओ सकुरानो-थॉमस, एलेक्स शिराई-पटमोर, शोमा सुगया-स्लेटर, डेक्लान सुजुकी, त्सुयोशी तकादा, इब्राहिम ताकाहाशी, मकोतो तानियामा और लाचलान यामामोटो-लेट.